पंजाब १२ फरवरी २६ * मुख्यामंत्री भगवंत मान ने वकीलों से किया व्यापक संवाद
अबोहर, 12 फरवरी (शर्मा/सोनू): पंजाब की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पंजाब के मुख्य मंत्री भगवंत मान ने राज्य भर के बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक ऐतिहासिक बैठक की। इस विशेष बैठक में पंजाब की लगभग 70 में से 65 बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता और सक्रियता का परिचय दिया।
इस बैठक का आयोजन आम आदमी पार्टी पंजाब के लीगल विंग द्वारा किया गया, जिसकी अगुवाई लीगल विंग के प्रधान गियान सिंह मुग्गू ने की। उनके साथ एडवोकेट हरप्रीत सिंह (अबोहर), एडवोकेट गुरभेज सिंह, एडवोकेट फैरी सोफत एवं अन्य साथियों ने बैठक को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर पंजाब के एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत बेदी भी उपस्थित रहे और उन्होंने वकीलों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वकीलों से खुलकर संवाद करते हुए कहा कि राज्य की न्याय प्रणाली की मजबूती सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं के समक्ष जो भी प्रशासनिक, ढांचागत या अन्य लंबित मुद्दे हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार वकालत पेशे की गरिमा और अधिवक्ताओं की सुविधाओं में सुधार हेतु प्रतिबद्ध है।
बैठक के पश्चात एडवोकेट हरप्रीत सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं और समाज के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करवाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने विशेष रूप से फ़ाज़िल्का, फ़िरोज़पुर और मुक्तसर ज़िलों की बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया, जो उनके आग्रह पर इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए।
यह बैठक केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि सरकार और अधिवक्ता समुदाय के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक सहभागिता का प्रतीक है। इस पहल से न केवल अधिवक्ताओं का मनोबल बढ़ा है, बल्कि पंजाब की न्यायिक प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सशक्त संदेश भी गया है।
फोटो: 1, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात करते एडवोकेट हरप्रीत सिंह

More Stories
देवबंद19मई26*ईमानदार निष्पक्ष अधिकारी रोजंत त्यागी चढ़े सियासी भेंट
मुंबई19मई26* बुलडोजर एक्शन, बांद्रा ईस्ट के ये 500 अवैध निर्माण ध्वस्त,*
कानपुर नगर19मई26*20 मई को दवा दुकानों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश*