हरदोई30सितम्बर25*कच्चे घर में सोते समय सांप ने काटा, मां-बेटी की मौत से टूटा परिवार
पिहानी (हरदोई)। दहेलिया गांव में मंगलवार की सुबह दर्द से भरी ऐसी खबर आई जिसने पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया। गरीबी और लाचारी के बीच किसी तरह टीन की छत और कच्ची दीवारों पर अपना जीवन गुज़ार रहे एक मजदूर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सोमवार की रात नन्ही (40 वर्ष) पत्नी शिवचरण अपने सात बच्चों के साथ कच्चे घर में सो रही थीं। सुबह लगभग 4 बजे अचानक घर में घुसे सांप ने उनकी 10 वर्षीय बेटी कोमल को डंस लिया। चीख सुनकर मां नन्ही जैसे ही उठीं, उसी सांप ने उन्हें भी काट लिया। घबराए परिजनों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान मां और बेटी ने दम तोड़ दिया।
परिवार पहले ही गरीबी से जूझ रहा था। मजदूरी कर पेट पालने वाले शिवचरण के सिर पर अब सात छोटे-छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अकेले आ गई है। मां का साया उठने और बेटी के असमय चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोग बताते हैं कि उनके पास पक्का मकान तक नहीं है, टीन डालकर किसी तरह जीवन गुजर-बसर करते थे।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। मां-बेटी की मौत से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा गांव मातम में डूब गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार की मदद और गरीब बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। यू पी आज तक अनिल गुप्ता
More Stories
बांदा 1नवंबर 26*इंडियन सवर्ण समाज पार्टी की बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर*
बांदा 1 नवंबर 26*मवई बुजुर्ग में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का छठा दिन, शंकर-पार्वती विवाह और हनुमंत कथा सुन झूमे श्रद्धालु*
बांदा 1 नवंबर 26*डॉ पवन विश्वकर्मा शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ सौजन्य से विश्वकर्मा केयर सेंटर अतर्रा में स्वर्ण प्राशन स्वास्थ्य शिविर संपन्न*