April 15, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

अलीगढ़09जुलाई*यूपीआजतक न्यूज अलीगढ़ से शाम 5 बजे तक की खबरें

अलीगढ़09जुलाई*यूपीआजतक न्यूज अलीगढ़ से शाम 5 बजे तक की खबरें

अलीगढ़09जुलाई*यूपीआजतक न्यूज अलीगढ़ से शाम 5 बजे तक की खबरें

✒️ *आरबीआई गवर्नर का दावा- महंगाई से लोगों को जल्द मिल सकती है राहत, मंदी पर कही यह बात*
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 की दूसरी छमाही में मु्द्रस्फीति में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। इससे महंगाई से लोगों को राहत भी मिल सकती है। इससे अर्थव्यवस्था में बड़ी मंदी आने की संभावना भी कम हुई है। आरबीआई गवर्नर ने कहा है कि बाजार आपूर्ति के दृष्टिकोण से सही दिखाई दे रहा है और कई उच्च आवृत्ति संकेतक 2022-23 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में रिकवरी की ओर इशारा कर रहे हैं। आरबीआई गवर्नर ने कहा है कि हमारा वर्तमान आकलन यह है कि 2022-23 की दूसरी छमाही में मुद्रास्फीति धीरे-धीरे कम हो सकती है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने ये बातें कौटिल्य इकोनॉमिक कॉनक्लेव के दौरान कही है। आरबीआई गवर्नर ने यह भी कहा है कि वर्तमान दौर मुद्रास्फीति के ग्लोबलाइजेशन का है। पूरी दुनिया इससे प्रभावित हो रही है। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कोरोना महामारी से प्रभावित हुई अर्थव्यवस्था में सुधार होने लगी है पर मुद्रास्फीति अब भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। यह अब भी केंन्द्रीय बैंकों के अनुमानों के ऊपर है। आपको बता दें कि बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए आरबीआई ने बीते मई महीने से अब तक रेपो में लगभग 4.9 प्रतिशत (90 बेसिस प्वाइंट) की बढ़ोतरी कर दी है। उम्मीद जतायी जा रहा है कि आरबीआई का रेट सेटिंग पैनल अगस्ते में होने वाली बैठक में भी पॉलिसी रेट्स को बढ़ाने का फैसला ले सकता है।

✒️ *मुलायम की पत्नी साधना गुप्ता का निधन,मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक,अखिलेश पहुंचे सपा संरक्षक के आवास*
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। सपा सहित विपक्ष के नेताओं ने उनकी मृत्यु पर शोक जताया है। वह करीब 65 वर्ष की थीं और शुगर सहित कई अन्य बीमारियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका शव एयरलिफ्ट कर लखनऊ लाया जाएगा। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की धर्मपत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शान्ति,समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, मुलायम सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं व कई वरिष्ठ नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

✒️ *राष्ट्रपति चुनाव: योगी ने कर दिया खेला, द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में आए राजा भैया; राजभर और शिवपाल भी देंगे साथ*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की गोलबंदी में बड़ी सेंध लगा दी है। सीएम योगी की पहल पर दलीय सीमाएं टूट गईं और विपक्ष भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में आ गया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत समाजवादी गठबंधन में शामिल सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और जनसत्ता दल ने भी राजग प्रत्याशी का समर्थन किया हैराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सत्ता पक्ष के अलावा विपक्ष का भी समर्थन मिलने लगा है। न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ओम प्रकाश राजभर, जनसत्ता दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’, बहुजना समाज पार्टी (BSP) नेता उमा शंकर सिंह और सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव समेत विपक्षी पार्टी के कई नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है।

✒️ *अखिलेश यादव पर शिवपाल का तंज, यशवंत आए तो सपा ने नहीं बुलाया, योगी ने अच्छे से बात की, मुर्मू से मिला*
एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट देने का ऐलान कर चुके शिवपाल यादव ने शनिवार को कई बातें स्पष्ट कर दीं। शिवपाल ने अखिलेश पर तंज कसते हुए योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। शिवपाल ने कहा कि विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा आए तो अखिलेश ने नहीं बुलाया लेकिन द्रौपदी मुर्मू के आने पर मुख्यमंत्री योगी ने बुलाया। उनके बुलाने पर हम डिनर में पहुंचे और उनसे मुलाकात की। शिवपाल यादव ने कहा कि मैंने बहुत पहले भी कहा था जहां हमें बुलाया जाएगा, जो हमसे वोट मांगेगा हम उसे वोट देंगे। शिवपाल ने कहा कि इससे पहले भी राष्ट्रपति के चुनाव में हमें नहीं बुलाया गया था। उस समय भी न तो हमें समाजवादी पार्टी ने बुलाया और न ही वोट मांगा। उस समय हम से रामनाथ कोविंद जी ने वोट मांगा तो हमने दिया।शिवपाल ने कहा कि कल मुझे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलाया तो वहां गया। द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री ने मुझसे अच्छे तरीके से बात की। हमें समाजवादी पार्टी की तरफ कभी किसी मीटिंग में नहीं बुलाया गया। परसों भी यशवंत सिन्हा की मीटिंग में नहीं बुलाया गया,अखिलेश का बिना नाम लिये शिवपाल ने कहा कि राजनीतिक अपरिपक्वता की कमी होने के कारण ये सब होता चला जा रहा है। इससे पार्टी कमजोर हो रही है। लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। जब मैंने समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा और जीता तो हमसे भी राय लेनी चाहिए। अगर मेरा सुझाव माना गया होता और उन 100 प्रत्याशियों को टिकट दिया जाता तो आज स्थिति अलग होती। हमने एक साल पहले इसके लिए सुझाव दिया था। मेरा सुझाव माना गया होता तो आज समाजवादी पार्टी की स्थिति कुछ और होती।

✒️ *यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पांच अगस्त तक प्रवेश, परीक्षा शुल्क 10 तक होगा जमा*
यूपी बोर्ड ने नए सत्र 2022-23 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच अगस्त तक प्रवेश दिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिब्यकांत शुक्ल की ओर से शुक्रवार को इस बारे में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए।स्कूलों के प्रधानाचार्य 10वीं एवं12वीं के छात्रों का परीक्षा शुल्क 10 अगस्त तक एकमुश्त कोषागार में जमा करेंगे। इसके बाद 16 अगस्त तक परीक्षा शुल्क की सूचना और छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण यूपी बोर्ड की वेबसाइट ‘upmsp88.edu.in’ पर अपलोड करेंगे। दस अगस्त के बाद प्रति छात्र 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में 16 अगस्त तक जमा करना होगा। विलंब शुल्क की सूचना और छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों की सूचना 20 अगस्त वेबसाइट पर अपलोड होगी। वेबसाइट पर अपलोड छात्र-छात्राओं की चेकलिस्ट प्राप्त कर प्रधानाचार्य 21 से 31 अगस्त तक उसके विवरणों (नाम, माता/पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय एवं फोटो आदि की जांच करेंगे। इस अवधि में वेबसाइट पर किसी भी प्रकार का अपडेशन प्रतिबंधित रहेगा। आवेदन पत्रों की जांच में कोई संशोधन है तो प्रधानाचार्य एक से दस सितंबर कर सकेंगे। इस दौरान किसी नए छात्र का विवरण अपलोड नहीं होगा। उसके बाद प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं की फोटोयुक्त नामावली एवं कोषपत्र की प्रति बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 30 सितंबर तक जमा करेंगे।

✒️ *अमेरिका में गर्भपात पर रोक के कानून को राष्ट्रपति की मंजूरी, जो बाइडेन ने किया हस्ताक्षर*
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने देश में गर्भपात पर रोक लगाने के शासकीय आदेश पर शुक्रवार को हस्ताक्षर कर दिए। हालांकि, उन्होंने गर्भपात के संवैधानिक अधिकार पर रोक लगाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश की आलोचना करते हुए लोगों से इस फैसले से निराश न होने की अपील की। बाइडेन ने कहा कि गर्भपात के अधिकार को कायम रखने का सबसे त्वरित तरीका एक राष्ट्रीय कानून पारित करना है। इसके लिए मतदान कराने की चुनौती है। अच्छी बात यह है कि नवंबर में चुनाव होने वाले हैं,शासकीय आदेश पर बाइडेन के हस्ताक्षर के बाद न्याय मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्रालय को महिलाओं को गर्भपात कराने या उन राज्यों की यात्रा करने से रोकने का अधिकार मिल गया है, जहां गर्भपात कराने पर पूरी तरह से पाबंदी नहीं है। अमेरिका के कुछ राज्यों में अब भी गर्भपात की अनुमति है, लेकिन इसके लिए कड़ी शर्तों का पालन करना होगा,गौरतलब है कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने 24 जून को गर्भपात के लिए संवैधानिक संरक्षण को समाप्त कर दिया था। अदालत का फैसला अधिकतर अमेरिकियों की इस राय के विपरीत था कि 1973 के रो बनाम वेड फैसले को बरकरार रखा जाना चाहिए जिसमें कहा गया था कि गर्भपात कराना या न कराना, यह तय करना महिलाओं का अधिकार है। इससे अमेरिका में महिलाओं को सुरक्षित गर्भपात का अधिकार मिल गया था।

✒️ *सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने और लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अखिलेश ने गठित किया 18 सदस्यीय दल*
समाजवादी पार्टी के सदस्यता अभियान को गति देने और लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के लिए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक 18 सदस्यीय दल का गठन किया है। बताया जा रहा है कि सपा 2024 के चुनाव को लेकर गंभीर है। इस मिशन के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।सपा ने अभी कुछ ही दिन पहले प्रदेश और जिला की कार्यकारिणी सहित सभी फ्रंटल संगठनों को भंग कर दिया था। जिसके बाद पार्टी के कार्यों को संचालित करने के लिए 18 सदस्यीय दल का गठन किया गया है।

✒️ *एक सर्कस का अंत’, डील खत्म होने के बाद ट्विटर के कर्मचारियों ने दी प्रतिक्रिया*
टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क के द्वारा 44 बिलियन डॉलर की ट्विटर डील समाप्त करने के बाद से कंपनी के कर्मचारी भड़क गए हैं। कई कर्मचारियों ने तो सोशल मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली है। कुछ कर्मचारियों ने मस्क पर खरीदारी मूल्य कम करने के लिए उठाया गया कदम बताया तो कुछ ने धोखा देने का आरोप लगाया। बता दें कि शनिवार को मस्क की टीम ने एक पत्र में 44 अरब अमरीकी डालर के ट्विटर खरीद सौदे को समाप्त करने की घोषणा की। मस्क ने खरीद समझौते के तहत कई उल्लंघनों के कारण सौदे को स्थगित करने का फैसला किया।ट्विटर बोर्ड के अध्यक्ष ब्रेट टेलर ने एक ट्वीट में कहा कि ट्विटर बोर्ड एलन मस्क के साथ सहमत कीमत और शर्तों पर लेनदेन को बंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और विलय समझौते को लागू करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है,ट्विटर के कर्मचारी आमिर शेवत ने लिखा कि वह कंपनी के डेवलपर उत्पादों पर काम करते हैं। ट्विटर डील की समाप्ति एक कुतूहलपूर्ण स्थिति का अंत है जो कि पिछले चार महीनों से चलती आ रही थी।जेरेड मैनफ्रेडी जो कि ट्विटर पर आईओएस उत्पादों पर काम करते हैं, ने लिखा कि यह मस्क की मनमानी थी जो कि खरीद मूल्य को कम करने के लिए बीते चार महीनों से बार-बार कोई न कोई शिगूफा छोड़ रहे थे। कहा जाए तो यह डील एक सर्कस की तरह थी जिसका कि अब अंत हो गया।

✒️ *बकरीद के दिन मुफ्त में करें ताज का दीदार, इतने घंटे पर्यटकों को मिलेगी फ्री एंट्री*
इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व इस साल 10 जुलाई को मनाया जाएगा। इस दिन यानी कल ताजमहल में तीन घंटे तक प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। इस सुविधा का लाभ देशी-विदेशी सभी पर्यटक उठा सकेंगे। ये जानकारी अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने दी। आपको बता दें कि बकरीद पर ताजमहल में विशेष नमाज अदा की जाती है,राजकुमार पटेल ने शनिवार को बताया कि बकरीद को देखते हुए ताजमहल में नमाज के दौरान सैलानियों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। सुबह सात से 10 बजे यह सुविधा तक रहेगी। इस दौरान नमाजियों के साथ सभी पर्यटकों को भी निशुल्क प्रवेश मिलेगा। सुबह 10 बजे से सभी टिकट काउंटर शुरू होंगे। इसी समय से ऑनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू होगी।ईद और बकरीद की नमाज के समय ताजमहल में प्रवेश का कोई टिकट नहीं लगता है। इस दौरान पर्यटकों को भी निशुल्क प्रवेश मिलता है। शाहजहां के उर्स पर ताजमहल में निशुल्क प्रवेश रहता है। विश्व धरोहर दिवस पर भी यह सुविधा मिलती है। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पर्यटकों को ताजमहल में निशुल्क प्रवेश दिया गया था। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के साथ पुरुषों को भी निशुल्क प्रवेश मिला था।

✒️ *अलीगढ़ में बकरीद पर रूट डायवर्ट, किन रास्तों पर 10 जुलाई को निकलना नहीं है सही*
अलीगढ़ एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद उत्तम ने बताया कि इस वर्ष चंद्र दर्शन के अनुसार 10 जुलाई को ईद—उल—अजहा (बकरीद) का पर्व मनाया जाना प्रस्तावित है। उक्त अवसर पर मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी की जाएगी। इसके चलते शहर में यातायात डायवर्जन रहेगा। इसके दायरे में समस्त प्रकार के भारी वाहन, हल्के वाहन, जिसमें चार पहिया वाहन एवं ऑटो रिक्शा व ई—रिक्शा सम्मिलित रहेंगे। हालांकि लोगों को परेशानी से बचाने के लिए ही यह डायवर्जन किया गया है इससे लोगों को वैकल्पिक मार्ग चुनने में मदद मिलेगी।
*भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा पूरी तरह प्रतिबंधित*
समस्त प्रकार के भारी वाहन, चार पहिया वाहन के साथ-साथ दो पहिया वाहन ई-रिक्शा, ऑटो, हाथ गाड़ी, बैलगाड़ी, भैंसाबुग्गी, ट्रैक्टर ट्राली आदि सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निम्नानुसार प्रतिबंधित रहेगा।
*यह प्लान रहेगा लागू*
– बन्नादेवी फायर सर्विस वाले तिराह से गूलर रोड तथा रघुवीर रोड की ओर।
– मसूदाबाद चौराहे से जमीराबाद चौराहे की ओर।
– रसलगंज चौराहे से मलखान सिंह की ओर।
– कवरकुत्ता तिराहे से रेलवे रोड की ओर।
– आगरा रोड से मामू भांजा की ओर।
– मदार गेट तिराहे से हलवाई खाना की ओर।
– सासनी गेट चौराहे से भुजपुरा की ओर।
– इगलास रोड से कासिम नगर बाईपास की ओर।
– खैर रोड पर गोंडा तिराहे से देहली गेट चौराहे की ओर।
– गोंडा रोड बाईपास पुलिस चौकी कुतुबपुर शाह से रोरावर की ओर।
– नादा पुल से देहली गेट चौराहे की तरफ।
– देहलीगेट चौराहा से खैर रोड की ओर।
– खैर रोड पशु चिकित्सालय के पास स्थित संपूर्ण मार्ग।
– खटीकान चौराहा से खैर रोड की ओर।
– हीरानगर चौराहे से खैर रोड की ओर।
– हीरानगर चौराहे से पटपटगंज तिराहे की ओर।
– हीरागंज चौराहे से चरखवलान की ओर।
– जौहरी मंदिर से चरखवलान की ओर।
– कर्बला से ईदगाह की ओर।
– महेशपुर फाटक से क्वार्सी चौराहे की ओर।
– जमालपुर फाटक से चौकी जमालपुर की ओर।
– पुरानी चुंगी से जमालपुर की ओर।

✒️ *अधिवक्ता ने स्टेनो पर अभद्रता का लगाया आरोप*
अलीगढ़ के अधिवक्ता अर्जुन सक्सेना ने जीएसटी विभाग के खंड नौ के एक स्टेनो पर अभद्रता व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत एडिशनल कमिश्नर जीएसटी को की है। अधिवक्ता अर्जुन सक्सेना का आरोप है कि खंड 9 के स्टेनो को रिश्वत नहीं दिया तो दुर्व्यवहार करते हुए बहुत ही अभद्रता की। खंड 9 में एक केस के सिलसिले में वाणिज्य कर कार्यालय गए थे। जीएसटी कमिश्नर से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

✒️ *इगलास क्षेत्र में कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर 5 लोग घायल*
कोतवाली इगलास क्षेत्र में उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया जब एक ई रिक्शा को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। ई रिक्शा सवार महिला सहित चार लोग गंभीर घायल हो गए। जिन्हें इलाज हेतु इगलास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। जानकारी के अनुसार मंजू देवी पत्नी अमित निवासी हाथरस जो कि गोंडा में एएनएम के पद पर तैनात है। और अन्य ई रिक्शा सवार रामानंद पुत्र भूरे सिंह निवासी निधौली हरौथा आश्रम पर जा रहे थे। और सावित्री पत्नी मवासी राम निवासी हरौथा इगलास से सामान खरीद कर अपने घर जा रही थी। रामू पुत्र कमल सिंह निवासी नगला जसराम भी ई रिक्शा से अपने गांव वापस जा रहे थे। कि मथुरा रोड विसाहुली मोड़ पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें ई रिक्शा सवार महिला सहित चारों लोग गंभीर घायल हो गए। वहां से निकल रहे राहगीरों द्वारा सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को इगलास हॉस्पिटल लाया गया है। जहां प्रथम उपचार देने के बाद उन्हें अलीगढ़ के मेडिकल हॉस्पिटल रेफर किया है। इंस्पेक्टर इगलास विजय कुमार द्वारा बताया गया की ई-रिक्शा की टक्कर में घायलों को इलाज के लिए भेजा है। और कार चालक को हिरासत में लिया है। तहरीर मिलने पर कार चालक के खिलाफ संबंधित कार्रवाई की जाएगी।

✒️ *अकराबाद क्षेत्र में आवारा सांड ने किसान को पटक पटक कर उतारा मौत के घाट*
थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव शंकरगढ़ निवासी किसान थानसिंह 50 वर्षीय खेत में धान की रोपाई हेतु खेत पर गया था, इसी दौरान आवारा सांड ने किसान पर हमला कर दिया, जब तक किसान अपने आप का बचाव करता लेकिन सांड लगातार किसान को उठा उठाकर पटकता रहा जिससे किसान अधमरा हो गया, खेतों पर कार्य कर रहे गांव के अन्य किसानों की नजर पड़ी तो वह सांड से किसान को बचाने के लिए दौड़े, किसानों ने सांड को भगाकर घायल किसान को एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु अस्पताल भेजा तथा घटना की जानकारी घायल किसान के परिजनों को दी, अस्पताल के डाक्टरों ने किसान को मृतक घोषित कर दिया, किसान की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया, सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया घटना से मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

✒️ *अकराबाद क्षेत्र में 3 दिन से गायब बच्चे का शव तालाब में तैरता हुआ मिला*
थाना अकराबाद क्षेत्र के कस्वा पिलखना में तीन दिनों से लापता बालक का शव तालाब में तैरता मिला, जानकारी के अनुसार पिलखना निवासी गुलाम का (8 वर्षीय) बेटा जैद मंदबुद्धि था और वह 3 दिन पूर्व गांव में ही घूम रहा था इसी दौरान अचानक गायब हो गया परिजन और ग्रामीण उसे तलाश करने में जुट गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका इस दौरान परिजनों ने पुलिस को भी सूचना दे दी लेकिन जैद का कहीं भी सुराग नहीं लग सका शनिवार की सुबह ग्रामीण जब तालाब की तरफ गए तो वहां एक सब तैरता हुआ दिखाई दिया सूचना मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और तालाब में तैर रही शव को बाहर निकाला। जिसकी शिनाख्त मृतक के पिता गुलाम ने अपने बेटे जैद के रूप में की। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में जैद को दफना दिया पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई। घटना से मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

✒️ *सिविल लाइन क्षेत्र में 3 दिन से लापता युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास खंडहर में मिला*
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत नई बस्ती रेलवे ट्रैक के पास 3 दिन से लापता युवक का शव पास में बने खंडहर में पड़ा मिला है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही मृतक युवक के पिता ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी देते हुए मृतक के पिता जमील अहमद ने बताया कि 3 जुलाई को सुबह करीब 8 बजे उसका पुत्र सहरोज (24 वर्षीय) के दो दोस्त उसे घर से बुलाकर लाए थे। पीड़ित का कहना है कि उसके बाद 3 दिन तक उनका बेटा जब घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने खोजना शुरू किया। पीड़ित का कहना है कि क्षेत्रीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय लोगों ने उनके बेटे सहरोज़ को रेलवे ट्रैक की तरफ अपने दोस्तों के साथ जाते देखा था। वहीं जब परिजनों ने रेलवे ट्रैक की ओर जाकर देखा तो ट्रैक के पास पड़े खंडहर में उनके बेटे के जूते व पत्थरों पर खून लगा मिला था। वही परिजन जब पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्होंने अपने बेटे को मृत अवस्था में पाया। वहीं इस घटना के बाद मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है जिसमें उन्होंने मृतक के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्यवाई की मांग की है।

✒️ *सिंचाई बंधु की बैठक 12 को*
जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की अध्यक्षता में सिंचाई बंधु की बैठक का आयोजन 12 जुलाई मंगलवार को प्रातः 11.00 बजे विकास भवन स्थित सभागार के स्थान पर कार्यालय अधिशासी अभियंता अलीगढ़ खंड गंगा नहर अलीगढ़ प्रोजेक्ट कॉलोनी गंगा कैनाल कंपाउंड लाल डिग्गी अलीगढ़ में आयोजित की जाएगी।उक्त जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता एवं सचिव सिंचाई बंधु अलीगढ़ खंड गंगा नहर ने बताया कि विगत समय कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत बैठकों का आयोजन नहीं हो पा रहा था। वर्तमान में स्थिति सामान्य हो चुकी है एवं लोगों द्वारा टीकाकरण का कार्य भी कराए जा रहा है। उन्होंने सिंचाई बंधु के सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यालय अधिशासी अभियंता अलीगढ़ खंड गंगा नहर अलीगढ़ प्रोजेक्ट कॉलोनी गंगा कैनाल कंपाउंड लाल डिग्गी अलीगढ़ में उपस्थित होने का कष्ट करें।

Taza Khabar