पूर्णिया बिहार 11 नवंबर 26 *65 छठ घाटों पर नगर निगम की मुकम्मल तैयारी, महापौर विभा कुमारी ने किया निरीक्षण*
*सूखी नहरों में बोरिंग से भरा जा रहा पानी, व्रतियों को नहीं होगी परेशानी*
मोहम्मद इरफ़ान कामिल ब्यूरो चीफ़ यूपी आज़तक न्यूज़ चैनल पूर्णिया डीवीजन बिहार

पूर्णियां बिहार : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम टीम के साथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पूर्णिया सिटी स्थित छठ घाट, गुलाबबाग पुराना सिनेमा रोड स्थित छठ घाट, दमका नहर, गुलाबबाग आरडी-87, रानीबाड़ी नहर और पंचटकिया नहर सहित कई घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
*65 घाटों पर महा-तैयारी, पिछली बार से 20 घाट ज्यादा*
निरीक्षण के दौरान महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम आस्था के महापर्व छठ की शुचिता और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर एवं प्रतिबद्ध है। पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी तैयारियों को व्यापक स्वरूप दिया गया है। पिछले वर्ष नगर निगम की ओर से लगभग 45 छठ घाटों पर मुकम्मल व्यवस्था की गई थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 65 हो गई है। सभी 65 घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, वॉच टावर और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को मोटरेबल बनाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।
*सूखी नहरों में भी होगी छठ, बोरिंग से भरा जा रहा पानी*
महापौर ने बताया कि जिन नहरों में पानी की उपलब्धता नहीं है, वहां विशेष व्यवस्था की जा रही है। दमका नहर, गुलाबबाग आरडी-87, रानीबाड़ी नहर और पंचटकिया नहर सहित अन्य स्थानों पर बोरिंग कराकर पानी भरने का कार्य नगर निगम की ओर से शुरू कर दिया गया है, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
*पूरा शहर होगा भक्तिमय, गूंजेंगे छठ गीत*
उन्होंने बताया कि सभी छठ घाटों के साथ-साथ शहर में भी जागरूकता से जुड़े ऑडियो संदेश और छठ पूजा के पारंपरिक गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इससे श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के साथ ही पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी व्रती या श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
महापौर के साथ मुख्य रूप से वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन, जितेंद्र यादव, पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह, पूर्व वार्ड पार्षद पप्पू पासवान, विकास चौरसिया, जितेंद्र शर्मा, भरत पोद्दार, संजय सिंह, मुरारी झा, दिलीप चौधरी, नीतू दा, रूफी तबरेज़, नगर निगम कर्मी भूपेंद्र यादव, दुर्गेश झा सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य लोग शामिल थे।
More Stories
पूर्णिया बिहार 11 नवंबर 26 *मधुबनी में दंगल का आगाज, महापौर विभा ने किया उद्घाटन*
लखनऊ 12 नवम्बर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 4 बजे की बड़ी खबरें……………….*
पूर्णिया बिहार 12 नवंबर 26* भवानीपुर में छठ घाटों का निरीक्षण, DM अंशुल कुमार के निर्देश पर तैयारी तेज*