रोहतास15मई26*डीडीयू मंडल में “मिशन लाइफ” के साथ विश्व पर्यावरण दिवस–2026 अभियान का शुभारंभ
डीआरएम ने दिलाई हरित शपथ, साइकिल चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
____________________________________
डेहरी रोहताससे संवाददाता मोहम्मद इमरानअली की रिपोर्ट यूपीआजतक ✍🏻
15 मई से 5 जून तक विभिन्न चरणों में चलेंगे जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय कार्यक्रम
‘पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ‘पर्यावरण प्रहरी’ बनें रेलकर्मी’
दिनांक:15.05.2026,शुक्रवार
पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में आज विश्व पर्यावरण दिवस–2026 अभियान का शुभारंभ “मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट)” के साथ किया गया। 15 मई से 5 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता तथा सतत जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान का शुभारंभ बाकले स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम से हुआ, जहां मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री उदय सिंह मीना ने अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट एवं गाइड सहित उपस्थित रेल परिवार को हरित शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी व्यवहार अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने अपने संबोधन में कहा कि रेलकर्मी स्वयं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाते हुए अपने परिवार, सहकर्मियों तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें तथा “पर्यावरण प्रहरी” की भूमिका निभाते हुए इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करें।
इसके उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से बाकले स्टेडियम से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक विशेष साइकिल रैली आयोजित की गई, जिसमें मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभियान के प्रथम चरण में मिशन लाइफ तथा जलवायु परिवर्तन विषय पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियां प्रारंभ की गई हैं। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालय परिसरों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर “सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें” सहित पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली से जुड़े संदेश पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे हैं। यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं के प्रयोग, डिजिटल सेवाओं को अपनाने तथा अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के आगामी चरणों में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक उन्मूलन, “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण सहित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा।

More Stories
सोनभद्र15मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सोनभद्रकी कुछ महत्वपूर्ण खबरें
उत्तराखंड चम्पावत : 230 नाली में मौत की खेती , अब किसानों पर होगी सीधी कार्रवाई*
कानपुर नगर15मई26*चित्रकूटधाम एवं झॉसी मण्डल की संयुक्त मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन