गोड्डा झारखंड25जून26*सादे वेश में पहुँचे पुलिसकर्मियों पर पत्रकार से अभद्रता का आरोप
बिना नंबर प्लेट वाहन से आए, परिचय पत्र दिखाने पर भी कथित रूप से दी धमकी
संवाददाता
गोड्डा, 25 जून। गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गाँव में गुरुवार शाम एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के साथ कथित तौर पर पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच एक बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कुछ लोग लालपुर गाँव पहुँचे। बताया जाता है कि इनमें दो व्यक्ति सादे वेश में थे, जबकि दो अन्य हथियारबंद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त लोगों ने स्वयं को झारखंड पुलिस का सदस्य बताते हुए स्थानीय नागरिकों से पूछताछ शुरू की तथा कथित रूप से पुलिसिया रौब दिखाते हुए लोगों को पकड़कर थाने ले जाने और बंद करने की धमकी दी।
इसी दौरान मौके पर मौजूद एक मान्यता प्राप्त पत्रकार ने अपना परिचय पत्र दिखाते हुए अपनी पहचान बताई। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित कर्मियों का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया तथा उन्होंने पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की। घटना से वहाँ मौजूद लोगों में असहजता और नाराजगी देखी गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कोई पुलिस कार्रवाई की जा रही थी तो उसकी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए थी। बिना नंबर प्लेट वाहन और सादे वेश में की गई कार्रवाई को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
घटना को लेकर निष्पक्ष जाँच की माँग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास बना रहे।
हालाँकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में मुफस्सिल थाना अथवा जिला पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।

More Stories
लखनऊ25जून26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर रात 10 बजे की बड़ी खबरें……………….*
भागलपुर25जून26*श्रावणी मेला–2026 की तैयारियों का जायजा लेने हेतु डीआरएम/मालदा ने स्टेशनों का किया निरीक्षण*
नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के कथित बेअदबी वीडियो को लेकर तंज कसा