अयोध्या11जुलाई26*महिला एवं बाल कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, स्वस्थ पीढ़ी निर्माण में आंगनबाड़ी की अहम भूमिका : विधायक रामचंद्र यादव
भेलसर(अयोध्या)रुदौली ब्लॉक मुख्यालय में शनिवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने नवचयनित 36 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें सेवा की जिम्मेदारी सौंपी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 209 स्मार्ट मोबाइल फोन भी वितरित किए गए, जिससे शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों का डाटा ऑनलाइन दर्ज करने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा की गई तथा कुपोषित बच्चों को करीब 50 पोषण किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का यह अभियान केवल योजनाओं का वितरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का अभियान है। स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और गर्भवती महिलाओं की देखभाल को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
रामचंद्र यादव ने बाल विकास विभाग की सराहना करते हुए कहा कि रुदौली में बाल विकास परियोजना अधिकारी के नेतृत्व में विभाग बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जिन 36 महिलाओं को आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, वे केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रही हैं। उन्होंने सभी नवचयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार तकनीक के माध्यम से योजनाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बना रही है। इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि लाभार्थियों का विवरण, पोषण संबंधी जानकारी और योजनाओं की प्रगति का रिकॉर्ड समय पर ऑनलाइन अपडेट किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म निभाई गई और कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित कर उनके अभिभावकों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी जानकारी दी गई। महिला एवं बाल पोषण पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम में भी लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बच्चों के समुचित पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, नवचयनित सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

More Stories
मथुरा 26 अगस्त 26*थाना छाता पुलिस द्वारा धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ।*
पूर्णिया में अजीमुश्शान जुलूस-ए-मोहम्मदी, अकीदत के सैलाब में डूबा शहर*
बांदा 26अगस्त 26*रक्षाबंधन पर जेल अधिकारियों को बांधी राखी, दिया शांति और सद्भाव का संदेश*