कानपुर नगर 14 अक्टूबर 26* 2027 में PDA समाज ही बनाएगा सरकार—श्यामलाल पाल
कानपुर नगर ग्रामीण (मोनू सिंह – यूपीआजतक):
बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र स्थित बापू गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी का विशाल ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन अत्यंत उत्साह और गर्मजोशी के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री श्यामलाल पाल जी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान जी एवं कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री मुनींद्र शुक्ला जी ने शिरकत की। कार्यक्रम का भव्य आयोजन बिल्हौर (209) विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी रचना सिंह गौतम द्वारा किया गया, वहीं सम्मेलन के संयोजक विधानसभा अध्यक्ष विनय यादव रहे। यह पूरा कार्यक्रम जोनल अध्यक्ष राहुल सिंह यादव की कुशल देखरेख एवं संचालन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
सम्मेलन स्थल पर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। सपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने गगनभेदी नारों के बीच उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रचना सिंह गौतम, जोनल अध्यक्ष राहुल यादव और मनीष कटियार के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष को 51 किलो की विशाल फूल-माला पहनाई गई तथा स्मृति स्वरूप प्रतीकात्मक गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से जुटे विभिन्न सेक्टरों, जोनों और बूथों के अध्यक्षों सहित भारी संख्या में उपस्थित निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र देकर प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय अभिनंदन किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंका। उन्होंने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए दो टूक कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में जब-जब सामाजिक न्याय और समरसता की बात हुई है, तब-तब समाजवादी पार्टी अग्रणी भूमिका में रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने समाज के दबे, कुचले, वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग को जो सच्चा सम्मान, हिस्सेदारी और हक दिया है, वह किसी अन्य दल ने कभी नहीं दिया। मौजूदा सरकार में किसान, नौजवान, बेरोजगार और मजदूर पूरी तरह उपेक्षित हैं। ऐसे में समाज का हर वर्ग अब केवल अखिलेश यादव जी की नीतियों और समाजवादी विजन की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है।
विशिष्ट अतिथि छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान एवं जिलाध्यक्ष मुनींद्र शुक्ला ने भी मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके बूथ और सेक्टर स्तर पर सक्रिय जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। यदि बूथ का कार्यकर्ता जागरूक और मजबूत होगा, तो कोई भी विपक्षी ताकत पार्टी की विजय यात्रा को नहीं रोक पाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, रोजगार और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुखर विरोध करें।
कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व प्रत्याशी रचना सिंह गौतम ने सम्मेलन में पधारे सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि बिल्हौर विधानसभा का एक-एक निष्ठावान कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेगा। पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार बिल्हौर के प्रत्येक गांव, मजरों और बूथ-बूथ पर जाकर “पीडीए चौपाल” का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों के जरिए ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और उन्हें समाजवादी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों व पीडीए के मूल उद्देश्य से जोड़ा जाएगा।
सम्मेलन के संयोजक विनय यादव ने कहा कि विधानसभा में संगठन पूरी तरह एकजुट और सक्रिय है। जोनल अध्यक्ष राहुल सिंह यादव ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। सम्मेलन के दौरान पूरा परिसर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में गूंजते नारों से ऊर्जावान बना रहा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय पदाधिकारी, महिला सभा, युवजन सभा, छात्र सभा के पदाधिकारी, समस्त सेक्टर प्रभारी, जोनल अध्यक्ष और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
More Stories
पूर्णिया बिहार14अक्टूबर26* ईंट से पीट-पीटकर शौकत अली की हत्या, जलालगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में बेगूसराय से दबोचा हत्यारा
मुजफ्फरनगर 14 अक्टूबर 26* मिशन शक्ति अभियान: छात्रा अंजनी पाल बनीं एक दिन की मुख्य चिकित्सा अधिकारी,
मुजफ्फरनगर 14 अक्टूबर 26* स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: रूड़की रोड स्थित ए.सी.एन. हॉस्पिटल सील,,,