पूर्णिया 13 अक्टूबर 26*दुर्गा पूजा को लेकर कस्बा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश*
*कस्बा/पूर्णिया।* शारदीय दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को कस्बा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने की।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती मधु कुमारी, अंचलाधिकारी, कस्बा थाना के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक, जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, सभी दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष-सचिव, लाइसेंसी, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र, महिला सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
*बीडीओ मधु कुमारी ने कहा – स्वच्छ और सुरक्षित पूजा हमारी प्राथमिकता*
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती मधु कुमारी ने कहा कि “दुर्गा पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि सभी पंडालों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और शौचालय की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी पूजा समितियां सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें। पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा जाए। हम सब मिलकर इसे स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल पूजा के रूप में मनाएं।”
*थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने कहा – अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
वहीं थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने सख्त लहजे में कहा कि “दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पूजा समितियों को अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा, पंडालों में सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और अग्निशमन की पुख्ता व्यवस्था रखनी होगी। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, माननीय न्यायालय के आदेशानुसार ही लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित ध्वनि सीमा और समय के भीतर करना होगा। अश्लील गानों पर पूरी तरह रोक रहेगी। विसर्जन निर्धारित रूट चार्ट और समय से ही होगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत डायल 112 या थाना को दें।
*गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल है कस्बा*
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाई जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि कस्बा गंगा-जमुनी तहजीब की नगरी है, यहां सभी समुदाय के लोग आपस में गले मिलकर रहते हैं। इस बार भी दुर्गा पूजा में अमन और भाईचारे की इस मिसाल को जिंदा रखते हुए पर्व को हर्षोल्लास के साथ संपन्न किया जाएगा। अंत में थानाध्यक्ष ने सभी को दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
More Stories
मथुरा 13 अक्टूबर 26*सम्मान समारोह तथा विराट कवि सम्मेलन के नाम रहा मेले का प्रथम दिन*
बाँदा 13 अक्टूबर 26*80 साइकिलों के साथ रवाना हुए चौकीदार, मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित*
बांदा 13 अक्टूबर 26*मिशन शक्ति के तहत छात्रा अंशु सिंह बनीं एक दिन की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी*