मथुरा 30 सितम्बर 26*नगर आयुक्त ने किया वार्ड संख्या 33 एवं 03 का व्यापक निरीक्षण
कु0 सोनम यूपीआजतक
मथुरा।बाइक से पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर नगर आयुक्त ने जानी जमीनी हकीकत, जल निकासी व्यवस्था एवं सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
मथुरा। वार्ड संख्या 33 एवं वार्ड संख्या 03 के अंतर्गत मेजर ध्यानचंद मार्ग तथा आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय पार्षदों के साथ व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण श्री संजय सिंह, महाप्रबंधक जलकल श्री मोहम्मद अनवर ख्वाजा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम गोपाल सहित संबंधित अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वार्ड संख्या 33 के पार्षद श्री अभिजीत कुमार एवं वार्ड संख्या 03 के पार्षद श्री दिनेश कुमार भी निरीक्षण में उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने बाइक से पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए जलभराव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था, नाला-नालियों की स्थिति एवं सफाई व्यवस्था का मौके पर गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान गोपाल धाम, राधा धाम, बैकुंठ ग्रीन, लक्ष्मी वाटिका, हरी वाटिका, मोहिनी स्टेट, गोपाल धाम फेस-2, माया कॉलोनी, निधिवन, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी, बलदेव देव गार्डन, समोला, टीला ,नर्सिंग विहार फेस-2 एवं फेस-3, आरके पुरम सहित विभिन्न कॉलोनियों का गहन रूप से व्यापक निरीक्षण किया गया।
वार्ड संख्या 33 की लगभग 18 कॉलोनियों एवं वार्ड संख्या 03 की 5 कॉलोनियों का जल मेजर ध्यानचंद मार्ग की ओर एकत्रित होता है। क्षेत्र के लो-लाइन एरिया में होने के कारण यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।
नगर आयुक्त ने बताया कि मेजर ध्यानचंद मार्ग पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण हेतु ₹5 करोड़ का एस्टीमेट राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र के लो-लाइन एरिया में होने के कारण जल निकासी को और प्रभावी बनाने के लिए सम्पवेल हेतु लगभग ₹2.7 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत कार्य कराए जाने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग विहार क्षेत्र में नगर निगम की भूमि की जानकारी संज्ञान में आने पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता सिंह को निर्देश दिए कि नगर निगम की भूमि का सर्वे कराकर उसे सुरक्षित कराया जाए।
वहीं ओम नगर क्षेत्र में पुलियों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने तथा पुलिया चोक मिलने पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को चेतावनी जारी करते हुए दो दिन के भीतर पुलिया की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग एवं सफाई विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ओम नगर सहित पूरे क्षेत्र में पुलिया एवं नाला-नालियों की प्रभावी सफाई कराकर दो दिन के भीतर जल निकासी व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सीएनडीएस को पूरे क्षेत्र का व्यापक (Comprehensive) सर्वे कराकर 5 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण क्षेत्र में जहां भी आवश्यक हो, नाला-नालियों की सफाई, मार्गों की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा अतिक्रमण वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या के तात्कालिक समाधान के साथ-साथ दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आगामी समय में नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके ।
More Stories
मथुरा 30 सितंबर 26*थाना मगोर्रा पुलिस टीम द्वारा 01 अभियुक्त को 01 अवैध हथियार सहित किया गिरफ्तार ।*
मथुरा 30 सितंबर 26 जिला जज महोदय, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया जिला कारागार का निरीक्षण*
मथुरा 30 सितंबर 26*थाना कोतवाली मथुरा की ‘मिशन-शक्ति’ टीम ने एक बिखरते परिवार को टूटने से बचाया।*