मथुरा 30 सितम्बर 26*पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता हेतु विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित
कु0 सोनम यूपीआजतक
मथुरा। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों के संबंध में छात्र-छात्राओं को जागरूक किये जाने हेतु सेन्ट डोमिनिक्स स्कूल, मथुरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा श्री विकास कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मथुरा श्री नितिन कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-रेलवे, मथुरा श्री सूर्यभान कुमार वर्मा एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा श्रीमती अनीता सिंह के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के संबंध में सरल एवं सहज भाषा में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की दृष्टि में बच्चा है तथा बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से पॉक्सो अधिनियम बनाया गया है। उन्होंने बच्चों को अपने आसपास घटित होने वाली अनुचित घटनाओं के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा श्रीमती अनीता सिंह द्वारा भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया गया कि बच्चों को किसी भी ऐसी परिस्थिति में, जिसमें वे स्वयं को असहज अथवा असुरक्षित महसूस करें, चुप नहीं रहना चाहिए तथा किसी विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति से तत्काल अपनी बात साझा करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव उपलब्ध है तथा बच्चों को किसी घटना को छिपाने अथवा भय के कारण सहायता लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सहपाठियों एवं आसपास के बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा किसी बच्चे के साथ गलत घटना की जानकारी होने पर उचित माध्यम से उसकी सूचना देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत टैंक चौराहा, मथुरा पर वृन्दावन लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनय के माध्यम से पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों की सुरक्षा तथा समाज में बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक के समापन पर माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा नाटक में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया तथा उनके प्रयास एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना तथा पॉक्सो अधिनियम के संबंध में समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
More Stories
महोबा ३० सितंबर २६*आग लगने से 15 पशुओं की दर्दनाक मौत, महिला के पशुबाड़े में मचा हड़कंप
महोबा ३० सितंबर २६*सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों को वितरित की गई सेफ्टी किट
महोबा ३० सितंबर २६*अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों की राहत राशि बढ़ाकर देने की मांग,