मथुरा 30 सितम्बर 26*निर्धारित मार्ग पर बस संचालन नहीं करने पर अंतिम चेतावनी
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बस संचालक को दिए कड़े निर्देश, रात में निर्धारित गांव में ही करना होगा ठहराव
कु0 सोनम
मथुरा। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत आवंटित मार्ग पर नियमित बस संचालन नहीं करने और निर्धारित गांव में रात्रि विश्राम नहीं कराने पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बस संचालक को अंतिम चेतावनी दी है। यह पत्र 28 सितंबर को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, मथुरा की ओर से जारी किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत जानू-महरौली-फलौदा-मगौसा-नीमगांव-गोवर्धन-मथुरा मार्ग पर बस संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बावजूद निर्धारित मार्ग पर बस का नियमित संचालन नहीं किए जाने और आवंटित गांव में रात के समय बस का ठहराव नहीं कराए जाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने पत्र में कहा कि इस संबंध में स्थानीय समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशित होने के साथ कर्मचारी संगठनों की ओर से भी शिकायतें की गई हैं। पत्र के अनुसार, इससे ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और शासन-प्रशासन की छवि भी प्रभावित हो रही है।
बस संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि वाहन का संचालन शासन द्वारा निर्धारित स्वीकृत मार्ग पर ही शत-प्रतिशत कराया जाए। साथ ही रात्रिकाल में बस का ठहराव आवंटित मार्ग के अंतिम गांव में अनिवार्य रूप से कराया जाए। बस को सुबह छह बजे निर्धारित गांव से संचालन शुरू करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि बस निर्धारित मार्ग पर संचालित नहीं मिली अथवा निर्धारित गांव में रात्रि ठहराव नहीं किया गया तो बिना किसी अग्रिम सूचना के योजना के तहत दी जा रही अनुमति और सुविधा तत्काल प्रभाव से समाप्त की जा सकती है। इसके चलते होने वाली वित्तीय और प्रशासनिक क्षति के लिए बस संचालक को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा।
More Stories
मथुरा 30 सितंबर 26*थाना कोतवाली मथुरा की ‘मिशन-शक्ति’ टीम ने एक बिखरते परिवार को टूटने से बचाया।*
मथुरा 30 सितंबर 26*थाना गोवर्धन पुलिस टीम द्वारा 01 अभियुक्त को अवैध गांजा सहित किया गया गिरफ्तार।*
मथुरा 30 सितंबर 26*मांट विधायक को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी