हरदोई2अगस्त26* शातिर वाहन चोर एक्सप्रेसवे पर पुलिस को देता रहा चकमा, 7 किमी तक पीछा; कार में मिली महिला मित्र
हरदोई/आगरा। हरदोई का कुख्यात वाहन चोर अभिषेक बाजपेयी शनिवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। आगरा में लग्जरी कार चोरी के मामलों में वांछित अभिषेक को पकड़ने के लिए पुलिस ने फतेहाबाद टोल प्लाजा पर घेराबंदी की, लेकिन उसने फिल्मी अंदाज में कार को करीब 500 मीटर तक बैक गियर में रॉन्ग साइड दौड़ाकर पुलिस को चकमा दे दिया।
इसके बाद वह कार घुमाकर तेज रफ्तार से भाग निकला। पीछा कर रही पुलिस ने कार रोकने के लिए फायरिंग भी की, जिससे कार का टायर पंक्चर हो गया, लेकिन आरोपी करीब 7 किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। आखिरकार रमाडा कट के पास कार छोड़कर वह अपने एक साथी के साथ खेतों की ओर फरार हो गया।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें आरोपी की महिला मित्र मिली। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई, लेकिन प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला को चोरी की कार और आरोपी की गतिविधियों की कितनी जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक बाजपेयी आगरा के जयपुर हाउस और कमला नगर क्षेत्र से लग्जरी कार चोरी के कई मामलों में वांछित है। जांच में सामने आया है कि गिरोह हाईटेक सॉफ्टवेयर और इलेक्ट्रॉनिक किट की मदद से कारों की रिमोट चाबी की कॉपी तैयार कर कुछ ही मिनटों में वाहन चोरी कर लेता था। चोरी की कारों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए कम कीमत पर बेचने के साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी इस्तेमाल किया जाता था।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई थी, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और पूरे गिरोह की तलाश जारी है।

More Stories
अयोध्या2अगस्त26*आखिर पत्रकारों के साथ ये खाकी की बर्बरता कब समाप्त होगी।
बांदा 2 अगस्त26*मित्रता दिवस पर बाँदा रोटी बैंक ने निभाई दोस्ती की मिसाल*
बाँदा 2 अगस्त 26शादी के इरादे से मंदिर पहुंचे प्रेमी युगल ने खाया जहर हुई मौत*