हल्द्वानी20मई26*सुमित्रानंदन पंत जयंती पर हल्द्वानी में कवि सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी आयोजित
हल्द्वानी से सागर मलिक, यूपीआजतक
हल्द्वानी में अरुणोदय संस्था के सौजन्य से प्रकृति के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत की जयंती के अवसर पर अरुणोदय श्रीमती आनंदी देवी रावत धर्मशाला परिसर, नवाबी रोड में सादगीपूर्ण वातावरण में कवि सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर पी.सी. बाराकोटी, कार्यक्रम अध्यक्ष जीवन चंद्र जोशी एवं संयोजिका डॉ. पुष्पलता जोशी ‘पुष्पांजलि’ द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती अमृता पांडे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कवि सम्मेलन में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज, प्रकृति और समकालीन मुद्दों पर विचार प्रस्तुत किए। कु. दीक्षिता पंत ने नीट पेपर लीक मामले पर व्यंग्य किया, जबकि भुवनेश विराट ने उत्तराखंड के वीर जवानों का गुणगान किया। पारु तिवारी ने प्रकृति पर आधारित कविता सुनाई। मनीष पंत ने “कहां जाकर सुकून की भीख मांगें, यहां हर घर पर ताले पड़े हैं” पंक्तियों के माध्यम से सामाजिक विडंबनाओं को उजागर किया।
श्रीमती विमला जोशी ने अपनी रचना से सुमित्रानंदन पंत को श्रद्धांजलि अर्पित की। करुणा शंकर काण्डपाल ने समाज में बढ़ती स्वार्थपरता पर कटाक्ष करते हुए कहा — “यहां सब कुछ बिकता है दोस्तों, रहना जरा संभलकर।” डॉ. पुष्पलता जोशी ने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए कविता प्रस्तुत की, वहीं विनायक जीवन जोशी ने सावन के गीतों के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए बिपिन चंद्र पांडे ने विचार गोष्ठी में सुमित्रानंदन पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी से साहित्य और रचनाधर्मिता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, न्यास अध्यक्ष जितेंद्र सिंह रौतेला, जीवन सिंह रावत, जी.डी. सती, बी. जोशी, नवीन चंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष लतेश मोहन, मधुसूदन लोहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

More Stories
सुल्तानपुर20मई26*ऐतिहासिक धरोहर ‘आनंद निकेतन विद्यालय’ अपनी बदहाली पर बहा रहा आंसू
भागलपुर20मई26* सहयोग शिविर में पहुंचे भागलपुर के जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा को भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
नई दिल्ली20मई26*कलबुर्गी में होगा राष्ट्रीय किसान सेमिनार, MSP और ग्राम स्वराज पर मंथन