अनूपपुर 14 अप्रैल 26*अमरकंटक में जंगल की आग बनी आफत,थाना परिसर में खड़े वाहनों को लिया अपने चपेट में*
अनूपपुर ( ब्यूरो राजेश शिवहरे) अमरकंटक मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल अमरकंटक में जंगल में लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 2 स्थित जंगल में दोपहर करीब 2 बजे लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए पुलिस थाना अमरकंटक परिसर तक पहुंच गई, जिससे न्यायालय के आदेश पर सुरक्षा हेतु खड़े कई वाहन आग की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हायर सेकेंडरी स्कूल और मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के वितरण केंद्र के पीछे आग भड़कनी शुरू हुई थी। इसकी सूचना समय रहते वन विभाग को दी गई, लेकिन त्वरित कार्रवाई नहीं होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते थाना परिसर में खड़े 709 और 407 ट्रक, चौपहिया वाहन, मोटरसाइकिल और ऑटो आग की चपेट में आ गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
नगर परिषद अमरकंटक की ओर से अग्निशमन यंत्र बुलाया गया, परंतु वह भी आग पर काबू पाने में नाकाफी साबित हुआ। उल्लेखनीय है कि परिषद का एक अन्य अग्निशमन वाहन पहले से ही ग्राम दोनिया में लगी आग बुझाने गया था, जो तकनीकी खराबी के कारण वापस नहीं आ सका।
स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी, क्योंकि घटनास्थल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप तथा समीप ही विद्युत ट्रांसफार्मर स्थित है। यदि आग वहां तक पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सहायक उपनिरीक्षक पी.एस. बघेल ने बताया कि सूचना समय पर वन परिक्षेत्र कार्यालय को दे दी गई थी, लेकिन उचित समय पर कार्यवाही नहीं होने के कारण यह नुकसान हुआ। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की क्षति हुई है।
आग बुझाने में पुलिस स्टाफ और नगर परिषद के कर्मचारियों—शैलेंद्र तिवारी एवं शाहरुख खान—ने सराहनीय प्रयास किए। पुलिस टीम के उपनिरीक्षक पी.एस. बघेल, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर यादव, भगवान सिंह पाटले, प्रधान आरक्षक तिलक सिंह, पूरन सिंह, प्रवीण कुजूर, आरक्षक छोटेलाल साहू, पवन तिवारी, कृष्ण राजावत और रवि सिंह ने अथक मेहनत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया है ,घटना ने वन विभाग और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
मथुरा 12 जून 26*थाना कोसीकलां पुलिस द्वारा 01अभियुक्त को 01 नाजायज चाकू के साथ किया गया गिरफ्तार ।*
मथुरा 12 जून 26*थाना कोसीकलां पुलिस द्वारा 01 अभियुक्त को 01 नाजायज चाकू सहित किया गया गिरफ्तार ।*
*बांदा 12जून 26*मोहर्रम को शांतिपूर्वक मनाने हेतु पीस कमेटी की बैठक संपन्न **