November 13, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

हरदोई 13 नवम्बर 26*15 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी नहीं बची जच्चा-बच्चा की जान

हरदोई 13 नवम्बर 26*15 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी नहीं बची जच्चा-बच्चा की जान! मौत के बाद महिला को अस्पताल के बाहर छोड़ने का आरोप

हरदोई 13 नवम्बर 26*15 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी नहीं बची जच्चा-बच्चा की जान

हरदोई। निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सुरसा थाना क्षेत्र के गहराई गांव निवासी संदीप पासी की पत्नी हिमांशी देवी को परिजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सिद्धार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत पहले से गंभीर थी और उनका प्लेटलेट्स काउंट महज 12 हजार था। इसके बावजूद अस्पताल में भर्ती कर उनसे 15 हजार रुपये जमा करा लिए गए।

परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद महिला की नाक से खून बहने लगा और देखते ही देखते जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

मामले में परिजनों का यह भी सनसनीखेज आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने महिला को लखनऊ ले जाने की बात कही और बाद में उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर मौके से चले गए। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अब स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही पर सवाल

इस घटना ने सीएमओ भावनाथ पाण्डेय और निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारी मनोज कुमार सिंह की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या व्यवस्था है? क्या अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच होगी? और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

फिलहाल मामले में परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जवाबदेही तय किए जाने की मांग उठ रही है।