मथुरा 2 अक्टूबर 26* श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने भरी हुंकार, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम कार्यालय तक निकाला मार्च
पत्रकार सुरक्षा कानून से पेंशन और प्रेस क्लब तक की मांगें उठीं, राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को सौंपा ज्ञापन
मथुरा से कु सोनम की रिपोर्ट यूपीआजतक
मथुरा। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक अधिकार और सामाजिक संरक्षण से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को मथुरा में पत्रकारों ने जोरदार आवाज बुलंद की। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मथुरा इकाई ने दो अक्टूबर को ‘मांग दिवस’ के रूप में मनाते हुए सैकड़ों पत्रकारों के साथ मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पत्रकार सुबह सिविल लाइंस में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस के रूप में ‘पत्रकार एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। पत्रकारों की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह स्वयं कार्यालय से बाहर आए और पत्रकारों से ज्ञापन प्राप्त किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकारों की मांगों से संबंधित ज्ञापन को राष्ट्रपति तक निश्चित रूप से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों के हित में जिला स्तर पर जो भी यथासंभव सहयोग संभव होगा, वह किया जाएगा।
11 मांगों पर सरकार से ठोस पहल की मांग
ज्ञापन में राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, मीडिया आयोग का गठन करने, वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए नए वेतन बोर्ड के गठन, समान पेंशन योजना लागू करने, पत्रकारों के विरुद्ध बिना जांच मुकदमा दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
इसके अलावा दुर्घटना में मृत या घायल पत्रकारों के परिजनों को निश्चित मुआवजा, निजी एवं सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों और उनके परिजनों को निःशुल्क उपचार तथा आयुष्मान योजना का लाभ, सड़क मार्ग पर टोल टैक्स में छूट, रेलवे यात्रा में पूर्व की तरह रियायत, प्रत्येक जिले में प्रेस क्लब का शीघ्र गठन तथा पत्रकारों के लिए रियायती दर पर आवासीय योजना लागू करने की मांग भी उठाई गई।
‘पत्रकारों के उत्पीड़न पर चुप नहीं बैठेगा संगठन’
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं आईजेयू के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यूनियन पत्रकारों के हितों के लिए 24 घंटे तत्पर है। पत्रकारों के उत्पीड़न के मामलों में संगठन मजबूती से आवाज उठाता रहा है और आगे भी पत्रकारों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जिला महासचिव रमेश चंद्रा ने कहा कि पत्रकारिता और पत्रकारों के हित में जो भी संघर्ष करना पड़ेगा, संगठन पीछे नहीं हटेगा। वरिष्ठ पत्रकार किशन चतुर्वेदी ने युवा पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार हितों के लिए इस तरह का संघर्ष निरंतर जारी रहना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा और मधुसूदन शर्मा ने भी पत्रकारों की मांगों को लेकर निरंतर संघर्ष की बात कही।
More Stories
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 26*नई दिल्ली में सजा इंटरनेशनल इम्पीरियल अवॉर्ड्स 2026 का मंच उद्यमियों को मिला सम्मान
मथुरा 2 अक्टूबर 2026*पानी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाई गांधी जयंती
मथुरा 2 अक्टूबर 26*आठ दिवसीय रहेगा अग्रसेन जयंती महोत्सव, 15 अक्टूबर को बॉलीवुड गायिका पलक मुछाल देंगी प्रस्तुति