लखनऊ12अगस्त26*केजीएमयू में छात्राओं को बताए महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के गुर
लखनऊ, 12 अगस्त। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में बुधवार को महिला विद्यार्थियों को सुरक्षा, अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘वुमेन सेफ्टी एंड राइट्स’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। फैकल्टी ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कलाम सेंटर के कक्ष संख्या 614 में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के डीन प्रो. केके सिंह ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता संसाधनों का समय पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में अहम भूमिका निभाती है।
महिला अधिकारों और साइबर सुरक्षा पर दी जानकारी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वक्ता लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम एंड हेडक्वार्टर) श्रीमती अपर्णा कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकार, सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थल पर सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा उत्पीड़न की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन से सहायता लेने की प्रक्रिया और विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की। छात्राओं से अपील की गई कि वे आवश्यक संपर्क नंबर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखें और किसी भी आपात स्थिति में बिना डर या संकोच के सहायता लें।
व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, कानूनी अधिकार और आपातकालीन सहायता से जुड़े सवाल पूछे, जिनका वक्ता ने विस्तार से जवाब दिया।
जागरूक और आत्मविश्वासी बनने का दिया संदेश
कार्यक्रम के समापन सत्र में केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिला विद्यार्थियों के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं। इससे छात्राओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और जरूरत के समय उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी मिलती है। उन्होंने छात्राओं से जागरूक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रो. रश्मि कुशवाहा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, प्रो. जीके सिंह, डीन फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज, प्रो. अमिता पाण्डेय, डीन फैकल्टी ऑफ नर्सिंग, डॉ. सौम्या सिंह, वाइस डीन, डॉ. निशी सिंह, असिस्टेंट डीन और डॉ. दीपक भागचंदानी, असिस्टेंट डीन समेत कई फैकल्टी सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रचना वर्मा, शिवांगम गिरी, शिवानी वर्मा, सौम्या राय, स्वपनिल भारद्वाज सहित अन्य संकाय सदस्यों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक कर आपात परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

More Stories
बांदा 12अगस्त 26* अवैध गांजे के साथ 02 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
मथुरा 12 अगस्त 26*थाना वृन्दावन पुलिस द्वारा बलात्कार के अभियोग में वांछित चल रहे 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ।*
मथुरा 12 अगस्त 26* 03 अभियुक्तगण व 02 बाल अपचारी को चोरी के 04 पर्स , 1926 रुपये व 01 नाजायज चाकू सहित किया गया गिरफ्तार ।*