भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर 9 नवम्बर 26*काली पूजा विसर्जन यात्रा को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च, आमजनों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील*

*दिनांक 09 नवम्बर 2026:-* काली पूजा विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडे एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आमजनों को सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही आम नागरिकों से काली पूजा विसर्जन यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई।
जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन यात्रा के दौरान सभी निर्धारित मार्गों पर आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। विसर्जन मार्गों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने आम नागरिकों, पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित विसर्जन मार्ग एवं समय का अनुपालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का भी आग्रह किया गया।जिला प्रशासन द्वारा काली पूजा विसर्जन यात्रा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे आपसी सहयोग, भाईचारे एवं सौहार्द की भावना के साथ पर्व मनाएं तथा काली पूजा विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
More Stories
लखनऊ 9 नवम्बर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 7 बजे की बड़ी खबरें……………….*
नई दिल्ली 9 नवम्बर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें*
लखनऊ 9 नवम्बर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 4 बजे की बड़ी खबरें……………….*