यूपीआजतक न्यूज़ से अलीगढ़ ब्रेकिंग रात्रि 9 बजे तक…*
*दिनांक- 14-02-2022, दिन:सोमवार*
✒️ *उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान खत्म, पांच बजे तक करीब 61 फीसदी हुई वोटिंग*
आज सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, बदायूं और शाहजहांपुर जिले में वोटिंग हुई। छुटपुट घटनाओं के साथ प्रदेश के नौ जिलों की 55 सीटों पर वोटिंग हुई।अमरोहा में 5:00 बजे तक 66.15 फीसदी मतदान हुआ।
बरेली में 5 बजे तक 57.68 फीसदी वोटिंग हुई
बिजनौर में 5 बजे तक 61.44 प्रतिशत मतदान हुआ।
बदायूं में 5 बजे तक 55.98 प्रतिशत मतदान हुआ
मुरादाबाद में 5 बजे तक 64.52 फीसदी वोट पड़े।
रामपुर में 5 बजे तक 60.10 फीसदी मतदान हुआ।
सहारनपुर में 5 बजे तक 67.05 प्रतिशत वोट पड़े
यूपी के संभल जिले में 5 बजे तक 56.88 फीसदी मतदान हुआ।
शाहजहांपुर में 5 बजे तक 55.20 प्रतिशत वोटिंग हुई।
✒️ *विधानसभा चुनाव:गोवा में पांच बजे तक 75.29% मतदान, सीएम की सीट पर सबसे ज्यादा वोटिंग*
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा की कुल 165 सीटों पर मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में 55 सीटों पर वोटिंग हो रही है। वहीं उत्तराखंड में आज सभी 70 सीटों पर मतदान हो रहा है। गोवा की 40 सीटों पर भी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज ईवीएम में कैद हो जाएगा। 3 बजे तक उत्तर प्रदेश में 51.93 फीसदी वोट पड़े हैं। उधर तीसरे चरण का प्रचार भी चल रहा है।
✒️ *हिजाब विवाद में नया ट्विस्ट, हाईकोर्ट में इस्लामी स्कार्फ को स्कूली ड्रेस के मैचिंग के साथ इजाजत देने की गुहार*
हिजाब के पक्ष में याचिका दायर करने वाली याचिकाकर्ता लड़कियों ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय से गुजारिश की कि उनको स्कूली ड्रेस के रंग से मैच करता हुआ इस्लामी हेडस्कार्फ पहनने की अनुमति दी जाए। शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी कपड़े के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करने वाले सरकारी आदेश को अदालत में चुनौती देने वाली लड़कियों की हाईकोर्ट से इस अपील के बाद राज्य में जारी हिजाब विवाद में नया ट्विस्ट आ गया है।लड़कियों ने कर्नाटक उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश रितु राज अवस्थी, न्यायमूर्ति कृष्णा एस. दीक्षित और न्यायमूर्ति जेएम खाजी की पूर्ण पीठ के समक्ष याचिका दायर की। मालूम हो कि यह पीठ राज्य सरकार को कक्षाओं में हिजाब पहनने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।
✒️ *मुख्यमंत्री योगी का सपा पर तंज, बोले- नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सपा पर सीधा हमला बोला। कहा इनका नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी है। प्रदेश में पहले सरकारी भर्तियों में चाचा-भतीजे, बुआ-बबुआ व सैफई खानदान के नाम पर वसूली होती थी। अब कानपुर व उप्र में दंगे और बम नहीं, कांवड़ यात्रा में हर-हर और बम-बम गूंज रहा है। डबल इंजन की सरकार की ओर से मुफ्त राशन का डबल डोज गरीब को भूखा नहीं रहने दे रहा।जिले के शहजादपुर मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा में उत्साह से लबरेज दिखे। बोले, कानपुर, चित्रकूट व झांसी में डिफेंस कारिडोर में जब तोप और लड़ाकू विमान बनेंगे तो यहां के युवा इन पर बैठकर दुश्मन की सीमा पर गरजेंगे। उनका डंका बजेगा। उन्होंने मूसानगर स्थित मां मुक्ता देवी की पावन धरती को प्रणाम व अभिनंदन कर संबोधन शुरू किया। कहा, 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता की स्थिति थी, लेकिन अब देश में यहां की कानून-व्यवस्था नजीर है। बहू-बेटियां, किसान, व्यापारी, राहगीर सुरक्षित हैं। पहले की सरकारों में रास्ते में बमबाजी होती थी। आज निवेश में प्रदेश आगे बढ़ रहा, नौजवान रोजगार पा रहे। एक जिला-एक उत्पाद, स्वयं सहायता समूह में बेहतर काम से हर हाथ को काम मिला है। 2017 के बाद पांच लाख को नौकरी बिना भेदभाव के मिली। लघु उद्योगों में प्रदेश में 60 लाख लोगों को काम मिला। पहले महामारी से कम भूख से ज्यादा लोग मरते थे। इस बार मोदी ने बीमारी व भूख दोनों से किसी को नहीं मरने देने की सोच को साकार किया। आपको राशन देने वाली सरकार चाहिए या राशन खाने वाली। बिजली मिल रही कि नहीं, आपके जिले में मेडिकल कालेज बन रहा कि नहीं जैसे सवालों से सीधे संवाद किया। कहा, 2017 तक प्रदेश में 12 मेडिकल कालेज थे। अब हर जिले में बन रहा। पूर्ववर्ती सरकार राहजनी करवाती थी, तमंचा फैक्ट्री लगवाती थी।
✒️ *लखनऊ सुपरजाइंट्स के साथ जुड़े ये 19 दिग्गज खिलाड़ी, 7 हैं विदेशी*
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग के दो दिवसीय मेगा नीलामी के अंतिम दिन रविवार को उत्तर प्रदेश की टीम लखनऊ सुपरजाइंट्स ने कानपुर के अंकित राजपूत, मेरठ के करण शर्मा और संभल के मोहसिन खान समेत 16 खिलाड़ियों को अपने खेमे में शामिल कर लिया। बता दें कि दिग्गज बल्लेबाज केएल राहुल, मार्कस स्टोइनिस और रवि बिश्नोई पहले लखनऊ टीम से जुड़ चुके हैं। हालांकि, इस बार सुरेश रैना और इशांत शर्मा जैसे खिलाड़ी अनसोल्ड रह गए।
लखनऊ सुपरजाइंट्स के दिग्गज
*अंकित राजपूतः* नीलामी में लखनऊ आइपीएल टीम ने 20 लाख के आधार मूल्य वाले कानपुर के तेज गेंदबाज अंकित सिंह राजपूत को 50 लाख में लखनऊ ने खरीदा।
*क्विंटन डिकाकः* साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकाक को 6.75 करोड़ में खरीदा है। दो करोड़ आधार मूल्य वाले डिकाक इससे पहले आइपीएल में मुंबई इंडियंस, रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं।
*दीपक हुड्डाः* भारतीय आलराउंडर खिलाड़ी दीपक हुड्डा को लखनऊ टीम ने 5.75 करोड़ में खरीदा है। इनका आधर मूल्य 75 लाख है।
*जेसन होल्डरः* वेस्टइंडीज के धुरंधर आलराउंडर जेसन होल्डर को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने 8.75 करोड़ रुपये देकर अपने साथ जोड़ा है। आधार मूल्य 1.5 करोड़ थी।
*मनीष पांडेयः* दाएं हाथ के बल्लेबाज मनीष पांडेय का बेस प्राइस एक करोड़ था। लखनऊ सुपरजाइंट्स ने उन्हें 4.60 करोड़ में खरीदा।
*क्रुणाल पांड्याः* भारतीय आलराउंडर क्रुणाल पंड्या को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। कुणाल का आधार मूल्य दो करोड़ था।
*आवेश खानः* 20 लाख आधार मूल्य वाले तेज गेंदबाज आवेश खान को लखनऊ ने 10 करोड़ में खरीदा। सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। आवेश इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे।
*मार्क वुडः* इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड को लखनऊ सुपर जाइंट््स ने 7.50 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया। इनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये थी।
*कृष्णप्पा गौथमः* भारतीय अनकैप्ड आलराउंडर कृष्णप्पा गौथम को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा है। गौथम ने अपना नाम इस नीलामी में 50 लाख के आधार मूल्य के साथ दर्ज करवाया था।
*दुष्मंथा चमीराः* श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा पर लखनऊ ने भरोसा जताया है। चमीरा का आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। चमीरा को लखनऊ सुपरजाइंट् ने दो करोड़ रुपये में खरीदा। पिछले सीजन में चमीरा रायल चैलेंजर्स बैंगलोर से खेले थे।
*शहबाज नदीमः* धनबाद के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शाहबाज नदीम को लखनऊ की टीम ने 50 लाख रुपये में खरीदा।
*मनन वोहराः* चंडीगढ़ के रहने वाले मनन वोहरा बल्लेबाजी के साथ मीडियम पेसर भी हैं। मनन ने राजस्थान रायल्स टीम से आइपीएल में खेले हैं। अब लखनऊ ने आधार मूल्य 20 लाख में खरीदा है।
*काइल मायर्सः* वेस्टइंडीज के काइल मायर्स को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा।
*करण शर्माः* मेरठ के करण शर्मा को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा। इनका आधर मूल्य भी 20 लाख है। करण चेन्नई सुपर किंग के साथ आइपीएल में खेले हैं।
*मोहसिन खानः* संभल के मोहसिन खान को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने 20 लाख में खरीदा है। 20 लाख के आधार मूल्य वाले मोहसिन इससे पहले मुंबई इंडियंस के लिए खेला है।
*आयुष बदोनीः* दिल्ली निवासी अआयुष बदोनी दाएं हाथ के बेहतरी बल्लेबाज हैं। आयुष को लखनऊ सुपरजाइंट् ने आधार मूल्य 20 लाख में खरीदा है।
*रिटेन खिलाड़ीः* केएल राहुल (17 करोड़), मार्कस स्टोइनिस (9.2 करोड़), रवि बिश्नोई (चार करोड़)
✒️ *शेयर बाजार में आया भूचाल, सेंसेक्स 1750 अंक टूटा, निफ्टी 530 अंक फिसलकर बंद*
सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार ने निवेशकों को बड़ा झटका दिया। लाल निशान पर हुई कारोबार की शुरुआत अंत तक जारी रही। दिनभर के कारोबार के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1750 अंक टूटकर 56,406 के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी सूचकांक में भी बड़ी गिरावट आई। निफ्टी 531 अंक फिसलकर 16,843 के स्तर पर बंद हुआ। इस गिरावट के चलते निवेशकों को पांच लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा।इससे पहले शेयर बाजार की शुरुआत बेहद बुरी हुई थी। सेंसेक्स 1148 अंक की गिरावट के साथ 57,005 के स्तर पर खुला था, जबकि निफ्टी सूचकांक ने भी 328 अंक टूटकर 1,7046 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी। कारोबार शुरू होते ही 57 हजार के नीचे आ गया था। गौरतलब है कि शुक्रवार को शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया और पूरे दिन के कारोबार के दौरान के बाद लाल निशान पर ही बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स अंत में 733 अंकों की गिरावट लेते हुए 58,152 के स्तर पर बंद हुआ था, वहीं दूसरी ओर एनएसई का निफ्टी भी 231 अंक टूटकर 17,375 के स्तर पर बंद हुआ था।
✒️ *रोरावर थाना क्षेत्र के शाहजमाल तेलीपाड़ा में साले की हत्या में आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर रोरावर थाने का घेराव, हंगामा*
रोरावर थाना क्षेत्र के शाहजमाल तेलीपाड़ा में रविवार रात साले की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में आरोपित की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया। यहां जैसे तैसे पुलिस ने लोगों को समझाया। इसके बाद पोस्टमार्टम से शव आने के बाद लोग घर के पास इकट्ठा हो गए। शव को गली के बाहर रखकर हंगामा करने लगे। लोग आरोपित को फांसी देने को मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए तीन थानों का फोर्स बुलाना पड़ा। सीओ मोहसिन खान ने जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। शाहजमाल तेलीपाड़ा निवासी इमराना की शादी तीन साल पहले तेलीपाड़ा के ही राशिद से हुई थी। आरोप है कि राशिद आएदिन इमराना को परेशान करता था। परेशान होकर वह कुछ दिन पहले मायके आ गई। इंस्पेक्टर रूपेश कुमार वर्मा के अनुसार, रविवार रात साढ़े नौ बजे राशिद अपने तीन साथियों के साथ ससुराल आया। उसने इमराना को साथ भेजने की बात कही। इमराना के 25 वर्षीय भाई रिजवान ने जीजा से कहा कि बहन को परेशान करता हो, आएदिन पीटते हो। इसी बात पर राशिद ने रिजवान पर चाकू से हमला कर दिया। उसके गले पर कई वार किए। इसके बाद राशिद रिजवान को लहूलुहान पड़ा छोड़कर साथियों के संग भाग गया। गंभीर रूप से घायल रिजवान को स्वजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
✒️ *धनीपुर मंडी में दो दुकानों के शटर काटकर अज्ञात चोरों ने दिया चोरी को अंजाम*
थाना महुआ खेड़ा स्थित धनीपुर मंडी में शनिवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। सोमवार की सुबह जब आढ़ती दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने शटर कटे हुए देखा तो उनके होश उड़ गए। गल्ला व्यापारियों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी हुई है। गल्ला व्यापारी योगेंद्र पाल सिंह लालू ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी विक्रांत ट्रेडिंग कंपनी के नाम से धनीपुर मंडी में दुकान है और उनके पास में ही सुरेंद्र लोधी एंड संस के नाम से गले की दुकानें हैं शनिवार की रात्रि दुकानों को बंद करके गए थे सुबह आकर देखा तो दुकानों के शटर कटे हुए थे। जबकि मंडी के गेटों पर आठ सिक्योरिटी गार्डों को लगाया गया है उसके बावजूद भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। चोरों ने दुकानों के अंदर रखी अलमारियों को भी तोड़ने का प्रयास किया है कुछ अलमारियों को तोड़ भी दिया है करीब हजारों रुपए का नुकसान है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा में पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही अन्य फोर्स तैनात है उसके बावजूद भी चोरी की घटना हो जाना एक अपने आप में बड़ी बात है।
✒️ *एक दर्जन सपा कार्यकर्ता करेंगे ईवीएम की निगरानी, चार शिफ्टों में लगी ड्यूटी*
अलीगढ़ धनीपुर मंडी समिति में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया है। इतनी भारी भरकम सुरक्षा के बावजूद सपा ने भी 12 सदस्यीय टीम ईवीएम की सुरक्षा को लगाई है। आठ-आठ घंटे के शिड्यूल के अनुसार चार शिफ्टों में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए प्रशासन ने पास जारी करने के साथ ही 200 मीटर की दूरी पर टेंट लगाने का भी आदेश जारी कर दिया है।विधानसभा चुनाव के बाद सातों विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम को मंडी समिति के कमरों में रखा गया है। यहीं पर स्ट्रांग रूम बनाया है। पहले चरण में पुलिस फिर पीएसी के जवान है। इसके बाद केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान 24 घंटे ईवीएम की सुरक्षा को तैनात है। रोटेशन वार इनकी ड्यूटी लगती है। जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के साथ महासचिव मनोज यादव ने ईवीएम की निगरानी को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से 12 सदस्यों का पास जारी करवाया। इनमें अल्पसंख्यक सभा जिला अध्यक्ष शहजाद अल्वी, शादाब जैदी, तरुण चौहान, मनीष शर्मा, राजेश माहौर, अभिषेक सिंह, इसरार खान, मो. जावेद, मो. तारिक, आसिम कमर व मनोज यादव शामिल हैं। प्रवक्ता राजेश सैनी ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं को ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सभी टीम के सदस्य निगरानी करने में निपुण है। सैनी ने बताया कि कार्यकर्ताओं के विश्राम के लिए स्ट्रांग रूम से 200 मीटर की दूरी पर टेंट लगाकर उसमें रहने की व्यवस्था करा दी गई है।
✒️ *जीजीआईसी नरौना और जीआईसी सहनौल में प्रधानाचार्य व शिक्षकों को नोटिस*
अलीगढ़ डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने आज जिले के आठ स्कूलों का निरीक्षण किया। इन स्कूलों कोविड-19 नियमों के पालन से लेकर उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरे और पाठन-पाठन-पाठन के साथ शैक्षिक गुणवत्ता की भी जांच की गई। इस दौरान जीजीआईसी में जहां विद्यार्थियों की संख्या कम मिली वहीं जीआईसी सहनौल में समय से पहले स्कूल की छुट्टी प्रधानाचार्य व शिक्षक निकल गए। ऐसे में डीआईओएस ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों प्रधानाचार्य और शिक्षकों को नोटिस थमा कर स्पष्टीकरण मांगा है।डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने सोमवार को टीम के साथ स्कूलों के निरीक्षण को निकले। सबसे पहले वह जनता इंटर कालेज छेरत में सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर पहुंचे। यहां क्लास रूम में शिक्षक बच्चों को पढ़ाते मिले। यही नहीं कालेज में सीसीटीवी व वायस रिकार्ड एक्टिव मिले। यही नहीं कोविड-19 टीकाकरण पूर्ण मिला। नवाब सिंह इंटर कालेज कासिमपुर पहुंचे यहां भी सभी सामान्य मिला। यहां से वह जीजीआईसी नरौना 12.38 मिनट पर पहुंचे। यहां पर छह से सात शिक्षिकाएं एक ही स्थान पर बैंठी मिलीं। विद्यालय में छात्राओं की संख्या में कमी दिखी। डीआईओएस ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया। यहां से वह कृष्णा पावति उमावि स्टेशन रोड कासिमपुर, एससीए इंटर कालेज रायपुर अतरौली, जेकेबी इंटर कालेज काजिमाबाद पहुंचे। यहां की व्यवस्था सुचारू मिली और पाठन-पाठन होता मिला। डीआईओएस 2 बजकर 20 मिनट पर जीआईसी सहनौल पहुंचे। यहां पर एक कर्मचारी व एक अंशकालिक शिक्षक विद्यालय में मौजूद मिले। पूछने पर बताया कि आधा घंटा पहले छुट्टी हो चुकी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षक निकल चुके है। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रधानाचार्य व शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि स्कूलों का निरीक्षण इसी तरह से चलता रहेगा। जहां भी कमियां मिली, तत्काल कार्रवाई होगी।
✒️ *भाजपा कार्यालय पर युवा मोर्चा द्वारा पुलवामा में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि*
पुलवामा हमले की तीसरी बरसी पर आज भाजपा कार्यालय बाराद्वारी स्थित भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धा सुमन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलवामा में शहीद हुए सभी वीर सैनिकों को युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर देश के शहीद अमर रहे के नारों के साथ नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। वहीं युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता ने बताया कि देश इन वीर जवानों की शहादत को कभी भुला नहीं सकता।वहीं कार्यालय पर मोमबत्तियां जलती देखकर श्रद्धांजलि देते समय राहगीरों ने भी हाथ जोड़कर सर झुका कर शहीदों के चित्रों पर श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि में मुख्य रूप से उपस्थित भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष यश गोयल, उपाध्यक्ष पीयूष सिंगल, सचिन पहलवान,मंत्री हर्षद हिंदू,शशांक पंडित,अश्विनी गुप्ता,प्रशांत,निश्चय,मनीष, लकी,यश वार्ष्णेय,अनुराग इशान श्रीवास्तव,वैभव गुप्ता,आकाश,अभिनव आदि लोग मौजूद रहे।
✒️ *करणी सेना की चेतावनी का असर,खाली रहे शहर के विभिन्न पार्क*
करणी सेना अलीगढ़ टीम द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार करणी सेना अलीगढ़ के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष के आवास रिसाल सिंह नगर, आई.टी.आई रोड पर एकत्रित हुए तथा जिलाध्यक्ष ठा0 ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में 14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमले में शहीद हुए शहीदों को 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।तत्पश्चात करणी सेना अलीगढ़ के सभी पदाधिकारी नीरज शहरयार पार्क, नकवी पार्क, गांधी पार्क व शहर के अन्य पार्कों व स्थानों पर गए तथा वहां पर मिले किशोर किशोरियों को समझाया और उन्हें उनके गंतव्य स्थानों के लिए भेज दिया जिलाध्यक्ष ठा0 ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि वैलेंटाइन डे पाश्चात्य सभ्यता का पर्व है जो कि हमारी भारतीय संस्कृति से कहीं भी तुलनात्मक नहीं है तथा भारतीय किशोर किशोरियों का वैलेंटाइन डे के प्रति बहुत रुझान है जिसकी आड़ में बड़ी संख्या में हिन्दू किशोरियाँ लव जिहाद का शिकार हो जाती हैं करणी सेना वैलेंटाइंस डे का पुरजोर विरोध करती है तथा करणी सेना का लव जिहाद के विरुद्ध लिए अभियान लगातार चलता रहेगा।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महिला शक्ति गौरी पाठक, पूनम शर्मा, डोली चौहान, प्रेमलता गौर, के के चौहान, जितेंद्र राघव, कुलदीप राघव, प्रणय शर्मा, शैलेंद्र सिंह, हिमांशु पंडित, अतुल वार्ष्णेय, सौरभ अवस्थी, विनय सोलंकी,अवनीश राघव,आशीष चौहान,विवेक अग्रवाल, भूपेंद्र सिंह, भूपेंद्र चौहान,तरुण कुमार,कृष्णा लोधी, मनीष लोधी सहित बड़ी संख्या में करणी सैनिक उपस्थित थे।
✒️ *जरा याद करो 14 फरवरी पुलवामा में 44 जवानों की शहादत को रखें 2 मिनट का मौन : तृप्ति गुप्ता*
एक शाम देश के नाम अतरौली निवासी तृप्ति गुप्ता ने एक संदेश लिखकर पुलवामा अटैक 14 फरवरी 2019 में 44 जवानों की जान चली गई थी। जिनको आज इस संदेश के जरिये एक सच्ची श्रद्धांजलि दी है। शायद ही कोई 14 फरवरी के उस मनहूस दिन को भुला पायेंगे। यह लिखते हुए मेरे हाथ काँप रहे है। दिमाग भी सुन्न सा हो गया है। क्युकी बीते 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जिले में आतंकियों के द्वारा देश के वीर सैनिकों की एक बस को आतंकवादियों ने ब्लास्ट कर दिया। जिसमें देश ने 44 बहादुर सैनिकों को खो दिया था। अब 14 फरवरी को दर्द भरा इतिहास बन कर रह गया है। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए भारत मां के 44 वीर सपूतों को कोटि कोटि नमन।क्या खूब लिखा है एक सिपाही ने किसी गजरे की खुशबु को महकता छोड़ आया हूं। मेरी नन्ही सी चिड़िया को चहकता छोड़ आया हूं। मुझे छाती से लगा लेना भारत मां।मैं अपनी मां की बांहों को तरसता छोड़ आया हूं।
✒️ *एएमयू पेड़ कमिटी ने पुलवामा के शहीदों को दी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि*
आज एएमयू पेड़ कमिटी के सदस्यों ने 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले शहीद 45 सेना के वीर जवानों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी,अध्यक्ष रेहान अहमद ने कहा ऐसे ही वीर सपूतों के कारण देश सुरक्षित है,सेक्रेटरी नज़र हैदर ने शहीदों के बलिदान को नमन कर देश प्रेम की अलख दिलो में जलाए रखने का संदेश दिया,तारीक़ खान ने कहा माँ भारती के 45 वीर जवानों ने अपनी जान की कुर्बानी दे कर देश की रक्षा की और देश प्रेम की अनूठी मिसाल कायम की ये बलिदान देश हमेशा याद रखेगा,इस मौके पर, रेहान अहमद, मो०इमरान खान, मो० कामरान खान, तारीक़ खान, मो०रेहान, सईद अकमल,डीके जावेद, क़ाज़ी फहीम, नज़र हैदर,अब्दुल हामिद, रागिब अली, आरिफ अली, हाजी साबिर आदि मौजूद रहे।
✒️ *पुलवामा शहीदों को दी श्रद्धांजलि*
इगलास। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था के तत्वावधान में पुलवामा हमले की तीसरी बरसी पर युवाओं और बच्चों ने गांव तोछीगढ़ में तिरंगे को नमन कर व मोमबत्ती जलाकर बलिदान हुए सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अध्यक्ष जतन चौधरी ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि 14 फरवरी का दिन भारत के इतिहास में काला दिन माना जाता है। क्योंकि आज के ही दिन पुलवामा हमले में देश के रणबाकुंरे बलिदान हो गए थे। आतंकबादियों ने कार के माध्यम से विस्फोट करके घटना को अंजाम दिया था। धमाका इतना जबरदस्त था कि कुछ देर तक सब कुछ धुआं-धुआं हो गया। जैसे ही धुआं हटा, वहां का दृश्य इतना भयावह था कि इसे देख पूरा देश रो पड़ा था। इस मौके पर धर्मेंद्र ठैनुआं, आकाश कौशल, लौकेश कुशवाह, बनवारी सिंह, चंद्रकांत सिंह, गोविंद कुमार, अमित ठैनुआं, अमरजीत सिंह, अमन चौधरी, शिवा ठैनुआं, लखन सिंह, डब्बू शर्मा, चिंटू, लोकेंद्र, सूरज चौधरी, कान्हा ठैनुआं, सुमित, साधना, दीया, दीपा, दीक्षा, रुद्र, हनी, आदी, हर्ष, प्रीती, सलमान आदि थे।
✒️ *बेसवां में होगी ब्रज की प्रसिद्ध लाठ्ठमार होली*
इगलास। विश्वामित्रपुरी स्थित तीर्थ धाम धरणीधर सरोवर पर बृजभाषी समाज की बैठक का आयोजन हुआ। बृजभाषी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश कटारा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि आगामी 13 मार्च को सरोवर पर फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमे होली गायन के साथ ही बृज की प्रसिद्ध लठ्ठमार होली खेली जाएगी। बेसवां अध्यक्ष मुरारी लाल तिवारी ने बताया कि इस आयोजन में बृजभाषी समाज से जुड़े पूरे भारतवर्ष के सदस्य और स्थानीय लोग शामिल होंगे। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुशवाह, बच्चन बाबू भारद्वाज, चेतन्य स्वरूप, रजनी कांत कटारा, साकेत कटारा, संजीव कुमार सेजवार, गोपाल राठी, राहुल शर्मा, पूरन सिंह, पिंटू अग्रवाल, अतुल बंसल, भुवनेश कौशल आदि थे।
✒️ *मदर्स टच स्कूल में फूलवामा अटैक में शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि*
14 फरवरी को मदर्स टच स्कूल में फूलवामा अटैक में शहीद हुए हमारे सैनिक भाइयों को श्रृद्धांजलि दी गई । मदर्स टच की प्रधानाचार्या आरती मित्तल ने सभी बच्चों को बताया कि किस तरह कायरता से हमारे वीर सैनिकों की गाड़ियों पर हमला कर हमारे वीर सिपाहियों को मार दिया गया था।उन वीर सैनिकों की आत्मा की शांति के लिए 1 मिनट का मौन रखा गया और सभी ने मोमबत्ती जला कर उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।
✒️ *होमोयोपैथिक औषधि द्वारा जारी है कोरोना से लड़ने की जंग*
आयुष विभाग राज्य शासन उ0प्र0 के आदेशानुसार एवं प्रो. डा योगेंद्र सिंह माहुर,प्राचार्य राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज अलीगढ़ के कुशल मार्गदर्शन में डा निमेश कुमार के नेतृत्व में डा मोना गुप्ता एवं डा शैलेंद्र कुमार मौर्या की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जवां के चिकित्सा अधीक्षक डा अंकित सिंह को सभी कर्मचारिओं हेतु 500 आयुष रक्षा किट (कोविड-19 किट) दीं जो कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है।डा निमेश कुमार एच ओ डी कम्यूनिटी मेडिसिन ने बताया कि पूर्व में भी जाएडस कंपनी के एच आर डा भूपेंद्र कौशल को कम्पनी में कार्यरत लगभग 880 लोगों को इन आयुष रक्षा किट (कोविड-19 किट) कालेज की टीम डा अमरीश कुमार, डा विष्णु शर्मा, डा पुष्पराज सिंह राजपूत और डा मंजू मांध्यान द्वारा सभी को कोविड-19 की रोकथाम के लिये आयुष कोरोना किट (कोविड-19 किट) वितरण किया एवं कोविड में बचाव की जानकारी दी गयी।अन्य टीम जिसमें डा. वी. पी. वर्मा, डा.वेद प्रकाश ने सी आर पी एफ के जवानों को यह किट उपलब्ध कराई।कालेज की टीमें कई विभागो में जाकर आयुष कोरोना किट (कोविड-19 किट) का वितरण कर रही है।
✒️ *इगलास में दिन भर रहा जाम का झाम*
इगलास। कस्बा में सोमवार की सुबह से ही जाम का झाम लगा रहा। यातायात व्यवस्था ठीक न होने के कारण मुख्य मार्गाें पर जाम लग गया। यात्री घंटों जाम में इंतजार करने के बाद गंतव्य के लिए रवाना हुए। अपर्याप्त पुलिसकर्मियों को व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी। वैसे तो कस्बा में जाम लगना आम बात है। फुटपाथ पर अवैध अतिक्रमण व डग्गेमार वाहनों के खड़े होने के कारण रोड पर बहुत कम जगह ही वाहनों के निकलने के लिए बचती है। कस्बा में बिजली के पोल भी सड़क के किनारे ही लगे हुए हैं। इसका नतीजा यह रहता है कि मुख्य मार्गाें पर वाहनों की कुछ संख्या बढ़ते ही लम्बा जाम लग जाता है। सोमवार को भी सुबह से लगा जाम देर सांय तक लगा रहा। जाम में मरीजों को लेकर हास्पीटल जा रही चार एंबूलेंस भी फस गई। एंबूलेंस को भी जाम से निकलने में एक घंटे का समय लगा।
✒️ *सिविल लाइन पुलिस ने चोरी के माल सहित दो अभियुक्त किए गिरफ्तार*
थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा जनता के सहयोग से दो शातिर लुटेरे यासिर पुत्र नासिर निवासी आफताब सीमेन्ट एजेन्सी के पास धौर्रामाफी थाना क्वार्सी, मोहम्मद अफ्फान पुत्र एहतिशाम अली निवासी हादी नगर नाला रोड धौर्रामाफी क्वार्सी को 07 मोबाइल, 01 चैन,03 अंगूठी व घटना में प्रयुक्त पल्सर मो0सा0 UP 81 AH 0713 सहित गिरफ्तार किया गया। सिविल लाइन इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की घटनाओ को अंजाम देने वाले इन शातिर चोरों की पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। शातिर चोरों से चोरी का माल भी बरामद हुआ है पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

More Stories
तमिलनाडु २३ जून २०२६ * सत्ता में आए अभिनेता से राजनेता बने मुख्यमंत्री थलपति विजय ने एक ऐसा बड़ा फैसला लिया है, जिसने सबको चौंका दिया
मथुरा 23 जून 2026* रजिस्ट्री के बाद भी साधु से मांगी रंगदारी, प्रेमानंद महाराज के अनुयायी को दी धमकी ।*
बांदा 23जून 26*पति-पत्नी के विवाद में यमुना में छलांग, पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर –