पूर्णिया बिहार 21मई 26* बायसी में मातम: महानंदा निगल गई 4 मासूम, एक शव मिला, तीन अब तक लापता*
मोहम्मद इरफान कामिल यूपी आजतक न्यूज़ चैनल पूर्णिया डीवीजन बिहार
पूर्णिया बिहार। पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड के गोहास गांव में बुधवार को महानंदा नदी में डूबने से चार मासूम जिंदगी की जंग हार गए। नहाने गए बच्चों में से एक को डूबता देख बाकी तीन दोस्त बचाने कूदे, मगर तेज धार चारों को बहा ले गई। पुलिस ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है। तीन मासूम अब भी लापता हैं। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू रोकना पड़ा। सुबह फिर से तलाश शुरू होगी।
*✦ कैसे हुआ दर्दनाक हादसा ✦*
गोहास गांव वार्ड 3 निवासी मोहम्मद सोहराब का 11 वर्षीय बेटा नसर दोपहर में गांव के तीन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख नसर और बाकी दो साथी बचाने दौड़े। लेकिन महानंदा की तेज धार ने चारों को चपेट में ले लिया। किनारे खड़े लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते पूरा गांव नदी पर उमड़ पड़ा।
*✦ कौन-कौन हुआ लापता ✦*
मृत नसर के अलावा वार्ड 5 निवासी मोहम्मद अशलम का 8 साल का बेटा मुस्तफा, मोहम्मद मुनीब का 10 साल का बेटा नूर्शिद और वार्ड 3 निवासी रुहुल अमीन का 8 साल का बेटा अरमान अब भी लापता हैं। चारों की उम्र 8 से 11 साल के बीच है।
*✦ गांव में पसरा मातम, बदहवास हुए परिजन ✦*
हादसे के बाद गोहास गांव में चीख पुकार मच गई। नदी किनारे माताओं का करुण क्रंदन देख पत्थर भी पिघल जाए। महिलाएं बदहवास होकर बच्चों का नाम लेकर बिलख रही हैं। पिता मोहम्मद सोहराब का कहना है कि बेटा दोस्तों के साथ खेलते खेलते चला गया और अब कभी नहीं लौटेगा।
*✦ ग्रामीण उतरे नदी में, देर से पहुंची टीम ✦*
घटना के बाद ग्रामीण खुद जान जोखिम में डालकर नदी में उतरे। काफी मशक्कत के बाद नसर को निकाला गया, मगर तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एसडीआरएफ टीम देर से पहुंची। शुरुआती घंटों में गांव वालों ने ही तलाश की।
*✦ प्रशासन मौके पर, सुबह फिर चलेगा सर्च ✦*
सूचना मिलते ही बायसी पुलिस और सीओ गणेश पासवान मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि एक शव बरामद हुआ है। तीन बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ लगी है। तेज बहाव और अंधेरे के कारण रात में अभियान रोका गया। गुरुवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से रेस्क्यू तेज करने और पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पूरे बायसी में शोक की लहर है।

More Stories
लखनऊ21मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर लखनऊ की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
भागलपुर21मई26*12 घंटे में पांच गुमशुदा लड़कियां बरामद, भागलपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सफल
मथुरा21मई26 *थाना हाईवे क्षेत्रान्तर्गत एक बारात में हुई कहांसुनी, विवाद एवं हुईं तोड़फोड़