कानपूर नगर २९ मई २६ * महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं सशक्तिकरण पर हुआ विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम
शिवराजपुर, कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत वार्ड संख्या-7, नगर पंचायत शिवराजपुर स्थित प्रशिक्षण संस्थान में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण विषयक एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह, उपनिरीक्षक जंग बहादुर पटेल, उपनिरीक्षक साधना, साइबर सेल टीम, महिला मित्र पुलिस एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग कर छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिलाओं के कानूनी अधिकारों एवं महिला सुरक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में महिलाओं के साथ खड़ा है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।
उपनिरीक्षक जंग बहादुर पटेल ने साइबर सेल की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय एवं थाना स्तर पर उपलब्ध साइबर सहायता सेवाओं की जानकारी दी। वहीं उपनिरीक्षक साधना ने छात्राओं को निर्भीक एवं आत्मविश्वासी बनने की प्रेरणा देते हुए अपनी समस्याओं को खुलकर रखने तथा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार प्रियांशु त्रिवेदी ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा, जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
संस्थान की संचालिका सुधा विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा भावना एवं सामाजिक चेतना का विकास करते हैं, जिससे वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होती हैं।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।

More Stories
पूर्णिया बिहार 29 मई 26 *पूर्णिया में एसटीएफ की सूचना पर बड़ी कार्रवाई, 44 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार*
पूर्णिया बिहार 29 मई 26 *30 मई अंतिम तारीख: पेंशन के लिए जीवन प्रमाणीकरण युद्धस्तर पर, 54,959 लाभुक अब भी बाकी*
बांदा 29 मई 26*तूफान का कहर मुरवल गांव में सोलर पैनल टूटा, किसान की सिंचाई ठप*