हाथरस11मई26* चाँदी कारोबारियों से 20 लाख की ठगी का आरोप, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
हाथरस से मनोज बघेल की रिपोर्ट यूपीआजतक
हाथरस, 11 मई 2026
हाथरस जनपद में चाँदी कारोबार से जुड़े लोगों को निशाना बनाने वाले एक कथित ठगी गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। पीड़ित जयकिशोर उर्फ राहुल ने पुलिस अधीक्षक हाथरस, एसएसपी अलीगढ़ और डीआईजी अलीगढ़ को शिकायती पत्र देकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई।
जमीन बेचकर शुरू किया था कारोबार
गढ़ी अंता, थाना सादाबाद निवासी जयकिशोर उर्फ राहुल पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम ने बताया कि उन्होंने अपने भाइयों और परिजनों के साथ मिलकर डेढ़ बीघा कृषि भूमि बेचकर चाँदी के घुंघरू बनाने का काम शुरू किया था। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम अनिल कुमार निवासी शिवानी, हरियाणा बताया।
आरोपी ने चाँदी के माल की खरीद-बिक्री का भरोसा दिलाया। पीड़ित के अनुसार, वह पहले भी अलीगढ़ स्थित जनता बुलियन रिफाइनरी, ममता मार्केट, बड़ा बाजार में माल की टंच (शुद्धता जांच) कराकर कारोबार करते थे।
विश्वास जीतकर किया बड़ा खेल
पीड़ित के मुताबिक 28 मार्च 2026 और 6 अप्रैल 2026 को दोनों पक्षों के माल की टंच कराई गई, जो सही निकली। इससे आरोपी ने उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद 12 अप्रैल 2026 को जयकिशोर और उनके साथी गुड्डू प्रसाद अपना माल लेकर अलीगढ़ पहुंचे।
रात में कथित अनिल उनसे सासनी गेट क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में मिला। वहां दोनों पक्षों के बीच माल का लेन-देन हुआ। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने अपना करीब 12 किलो 400 ग्राम कच्चा माल बिना टंच कराए उन्हें दे दिया और उनके लगभग 8 किलो से अधिक चाँदी के माल को अपने कब्जे में ले लिया।
कुछ दिन बाद जब पीड़ितों ने आरोपी द्वारा दिए गए माल की जांच कराई, तो वह पूरी तरह नकली निकला। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने धोखाधड़ी और बेईमानी से लगभग 20 लाख रुपये का माल हड़प लिया।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
जयकिशोर ने आरोप लगाया कि वह पहले भी कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक न मुकदमा दर्ज हुआ और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपी सत्यवीर पुत्र बनी सिंह, मनोज पुत्र सत्यवीर निवासी ग्राम गाडियंता थाना सादाबाद तथा गुड्डू पुत्र कोमल प्रसाद निवासी तैसिंगा को हिरासत में लेकर कथित अनिल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने प्रशासन से ठगी गई रकम वापस दिलाने और गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संपर्क: 8126945860

More Stories
पूर्णिया बिहार11मई26* उड़ान गश्ती दल ने स्कूल-कॉलेज व पार्कों में की जांच*
अयोध्या11मई26*जनता का सेवक,जनता के द्वार”अभियान से गांव-गांव पहुंच रहा समाजवाद का संदेश
सुलतानपुर11मई26* 24 घंटे में 4 बड़ी वारदातें: छात्र ने की आत्महत्या, सड़क हादसों में 2 की मौत*