हरदोई2जुलाई26*सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा, 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार,
हरदोई जनपद के कासिमपुर क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट के मामले में हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना कासिमपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल से जुड़े साक्ष्य और अवैध हथियार बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह वारदात 17 जून 2026 को हुई थी। कासिमपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी सर्राफा व्यापारी नसीम अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में जमकुनिया चौराहे से आगे रसूलपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास मौजूद बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ एक मोबाइल फोन भी रखा था। घटना के बाद थाना कासिमपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और विवेचना शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
*आभूषणों को बेचने की फिराक में थे अभियुक्त*
बुधवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने करलावा-गौसापुर के बीच नहर पटरी के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के अटिया नगर निवासी आमीन और लकड़ीमंडी निवासी दानिश के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 20.52 ग्राम सोने के आभूषण, 436.14 ग्राम चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट, चेसिस प्लेट का हिस्सा, दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वे आभूषणों को बेचने की फिराक में थे।बरामद अवैध हथियारों के संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आमीन के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।उल्लेखनीय है कि इसी लूटकांड में 23 जून को पुलिस पहले ही पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उस कार्रवाई में अधजले सोने-चांदी के आभूषण, एक कार, एक मोटरसाइकिल, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए थे। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के साथ लूटकांड से जुड़े अधिकांश आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

More Stories
कानपुर नगर17अगस्त26*सीज 398 किलो असुरक्षित हल्दी गायब, तीन के खिलाफ मुकदमा*
वाराणसी17अगस्त26*साइकिल से घर से निकला नाबालिग बच्चा वाराणसी पुलिस से सकुशल बरामद किया
कौशाम्बी17अगस्त26*60 फरियादियों ने मांगा न्याय मिला 4 को, डीएम एवं एसएसपी ने तहसील चायल में सुनी जनशिकायतें*