हरदोई11मई26*पिहानी गौखरिका गांव में चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़ में दो घायल।
हरदोई*पिहानी कोतवाली क्षेत्र में ग्राम गौखरिका में हुई ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र निवासी बुधपाल और पिहानी के कोटकला निवासी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, अवैध तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
घटना 8 और 9 मई की रात की है, जब बदमाशों ने गौखरिया गांव में एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया था। दीपक सिंह के घर से जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए, जबकि सतीश सिंह के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी और बक्सों में रखा सामान पार कर दिया। वहीं धर्मपाल सिंह के घर में पीछे की दीवार तोड़कर घुसे बदमाश करीब 97 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर ले गए। एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी से गांव में दहशत फैल गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और स्वाट टीम को जांच में लगाया था।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि 10 मई की रात पिहानी पुलिस रसूलपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के अनुसार बुधपाल बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर समेत चोरी के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। 25 जनवरी को पशु चोरी के मामले में वाहन चेकिंग के दौरान सवायजपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और करीब एक माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।
वहीं आसिफ दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था, लेकिन वह लोनी में अपने ही दोस्त की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि करीब दस दिन पहले ही वह पिहानी लौटा था और बुधपाल के संपर्क में आने के बाद दोनों ने मिलकर गौखरिया में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

More Stories
साम्बा11 मई26*भारत और पाकिस्तान के बीच वार्तालाप से हो कश्मीर समस्या का हल: एन डी पी एफ
पानीपत11मई26* घरेलू कलह से परेशान बुजुर्ग दंपति ने दी जान, बहू पर मारपीट के आरोप
नई दिल्ली11मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह 7.30 बजे की बड़ी खबरें…………..*