लखनऊ ६ जून २०२६ * ऑटो में युवती से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया प्रयास, पैर में गोली लगने से दबोचा गया
मोहनलालगंज, लखनऊ।निगोहां में ऑटो में सवार युवती को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी चालक को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके पर डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी समेत कई अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी। युवती तेलीबाग स्थित एक मॉल में नौकरी करती है। आरोप है कि 31 मई की शाम वह ऑटो से घर लौट रही थी। रास्ते में अन्य सवारियों के उतरने के बाद ऑटो में चालक और उसका एक साथी ही रह गए। इसी दौरान चालक ने ऑटो को मदापुर मंदिर चौराहे से गौतमखेड़ा की ओर मोड़ दिया।
युवती के विरोध करने पर चालक ने किसी जरूरी काम का बहाना बनाया और गौतमखेड़ा के जंगल में ऑटो ले जाकर खड़ा कर दिया। आरोप है कि वहां चालक ने युवती को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसी बीच सड़क से गुजर रही एक कार की रोशनी देखकर आरोपी अपने साथी के साथ ऑटो लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने कार चालक से मदद मांगी और परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस और सर्विलांस टीमों की मदद से आरोपी की पहचान उपदेश लोधी उर्फ गहना निवासी रंजीतखेड़ा, मजरा वीरसिंहपुर, थाना निगोहां के रूप में की गई।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुशमौरा के पास रमादाईखेड़ा मार्ग पर ऑटो से जा रहा है । सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करते हुए ऑटो से भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी दर्ज है गंभीर मुकदमा
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रायबरेली जिले के महाराजगंज थाने में एक मासूम की चाकू से गला रेतकर हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की अन्य जानकारियां भी खंगाल रही है।

More Stories
भागलपुर6जून26*नाथनगर थाना अंतर्गत एक अपराधकर्मी को असलहा के साथ किया गया गिरफ्तार।
सीतापुर ६ जून २०२६ * सीतापुर के वरिष्ठ पत्रकार रोहित मिश्र का निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर
उन्नाव ६ जून २०२६ * राज्य ललित कला अकादमी द्वारा शुरू हुई पेंटिंग की कार्यशाला, इंडियन इवेंट सॉल्यूशन्स के संयोजन में सिखाया जा रहा चित्रकला का हुनर