मुजफ्फरनगर21फरवरी25*ईवीएम के सहारे ही जीत रही भाजपाः शमशुदीन राइन
मुजफ्फरनगर। बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमशुदीन राइन ने कहा कि भाजपा की जीत में ईवीएम का राज छिपा है। ईवीएम को यदि चुनावी व्यवस्था से हटा दिया जाये तो यूपी में बसपा सत्ता में होगी।उन्होंने भाजपा और सपा पर देश और प्रदेश का सामाजिक भाईचारा बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग समाज को लड़ाने की राजनीति कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। बसपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए भाजपा सामाजिक गठजोड़ के खिलाफ साजिश रच रही है। दावा किया कि 2027 में बसपा ही यूपी में सत्ता हासिल करेगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमशुदीन राइन शुक्रवार को पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ जिलाध्यक्ष सतीश गौतम ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शमशुदीन राइन ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि पार्टी में कैडर कैम्प कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम की समीक्षा करने के लिए आज यहां पर आये हैं। इसके लिए सभी सेक्टरों में आयोजित हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली चुनावों में बसपा की करारी शिकस्त को लेकर शमशुदीन राइन ने कहा कि देश और प्रदेश में भाईचारा बिगाड़ने का काम भाजपा और सपा ने किया है। इसी का नुकसान समाज को हो रहा है। ये लोग लड़ाने की राजनीति कर रहे हैं। लड़ाने वाले ही इस समय पास हो रहे हैं। बसपा ने हमेशा ही भाईचारे को मजबूत किया है।
सच की अवश्य ही जीत होगी। 2027 में बसपा यूपी में सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए ही कैडर कैम्पों के माध्यम से बसपा जनता के बीच जा रही है, घर-घर जाकर सामाजिक भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। सर्व समाज के हितों के लिए बसपा ने हमेशा ही काम किया और आगे भी काम किया जायेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा कि बसपा ने जब भी कांग्रेस के साथ गठबंधन किया, तब हमारा वोट उनको मिला, लेकिन उनका वोट कभी भी बसपा को नहीं मिला है। राइन ने वर्तमान में उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गठबंधन के बजाये सामाजिक गठबंधन को ज्यादा आवश्यक बताते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष मायावती का यही संदेश लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं। राइन ने कहा कि भाजपा केवल ईवीएम की ताकत से जीत रही है। जनता में यह खुली बहस हो रही है। जिस दिन चुनावी व्यवस्था से ईवीएम हट जायेगी, पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भाईचारा वापस लौटेगा और यूपी में बसपा की सरकार बनेगी। भाजपा नहीं चाहती कि बसपा सत्ता में वापस लौटे। बसपा का कैडर बहुत मजबूत है। आजाद समाज पार्टी के बढ़ रहे प्रभाव को लेकर उन्होंने कहा कि दलित समाज आज जान चुका है कि बसपा को कमजोर करने के लिए सपा, भाजपा और कांग्रेस मिलकर ही ऐसे लोगों को बढ़ावा देती है, लेकिन दलित समाज का वोट बसपा के साथ मजबूती से है और रहेगा।

More Stories
उत्तर प्रदेश27जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह 10 बजे की बड़ी खबरें……………….*
नई दिल्ली27जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर*आज का राशिफल*
नई दिल्ली27जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर इतिहास की मुख्य घटनाओं सहित पञ्चांग – मुख्यांश ..*