बांदा 30 जुलाई 26* ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान द्वारा व्यापक जनजागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान*
यूपीआजतक बांदा से ब्यूरो सुनैना निषाद की रिपोर्ट
*बांदा*,-विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के सहयोग से जनपद बांदा में बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन, रेलवे विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, ग्रामीण परम्परा विकास संस्थान की संयुक्त टीम व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित संस्थाओं ने सहभागिता कर समाज को इन गंभीर सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशन बांदा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ यात्रियों एवं आमजन को पंपलेट, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही इंदिरा नगर स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों को इन सामाजिक अपराधों के दुष्परिणामों तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि यदि किसी बच्चे या व्यक्ति के साथ मानव तस्करी, बाल तस्करी, जबरन मजदूरी, बाल श्रम अथवा बाल विवाह जैसी कोई भी घटना घटित होती दिखाई दे, चाहे वह रेलवे स्टेशन, ट्रेन, बस स्टैंड, कार्यस्थल या किसी अन्य स्थान पर हो, तो इसकी तत्काल सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों पर दें। नागरिकों को बताया गया कि बच्चों से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सहायता हेतु 112 सहित अन्य संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
अभियान के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं एवं श्रम कार्ड से संबंधित जानकारी भी पंपलेट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। उपस्थित लोगों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि “शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाती है। यदि समाज को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों से मुक्त करना है तो प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना होगा। एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाइए, क्योंकि शिक्षित समाज ही सशक्त, सुरक्षित और विकसित समाज का निर्माण करता है।”
ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान ने समाज के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी अमानवीय कुप्रथाओं के विरुद्ध सजग रहें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना संबंधित विभागों को दें तथा बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएँ।

More Stories
गाजीपुर30जुलाई26* समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल जी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मथुरा 30 जुलाई 26 कोसीकला क्षेत्रअंतर्गत पुलिस चौकी कोटवन कट के पास दो बसें आपस में टकराई*
कौशाम्बी30जुलाई26*उप जिलाधिकारी ने ग्राम चक सहाबउद्दीनपुर में भूमि विवाद की शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण*