पूर्णिया बिहार18फरवरी26* UGC Equity in HEI Act 2026 के विरोध में पैदल मार्च, पुतला दहन,डीएम को सौंपा गया ज्ञापन
पूर्णिया बिहार से मोहम्मद इरफान कामिल की खास रिपोर्ट यूपी आज तक
पूर्णिया बिहार : UGC Equity in HEI Act 2026 के कथित भेदभावपूर्ण प्रावधानों के विरोध में बुधवार को जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं युवाओं द्वारा एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आस्था मंदिर से वीर कुंवर सिंह स्मारक तक पैदल मार्च निकाला गया तथा आर. एन. शाह चौक पर प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के विरुद्ध आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने कानून में संशोधन की मांग करते हुए नारेबाजी की। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जिला समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा विश्वविद्यालय स्तर पर समानता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया यह अधिनियम वर्तमान स्वरूप में कई विसंगतियों से युक्त है, जिससे सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिगत भेदभाव की परिभाषा एकतरफा है, समता समिति में सामान्य वर्ग के प्रतिनिधित्व का अभाव है तथा बिना पर्याप्त जांच के प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी का प्रावधान छात्रों के करियर को प्रभावित कर सकता है।
संगठनों ने यह भी कहा कि झूठी शिकायतों पर दंड का प्रावधान हटाए जाने से कानून के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है। ऐसे मामलों में वर्षों तक न्यायालयी प्रक्रिया से गुजरना छात्रों और उनके परिवारों के लिए मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कठिन स्थिति उत्पन्न कर सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध अधिनियम की खामियों के खिलाफ है । सरकार को इन खामियों दूर कर छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए । उन्होंने सरकार से अधिनियम की पुनः समीक्षा कर आवश्यक संशोधन करने की मांग की।
इस विरोध कार्यक्रम में मुख्य रूप से करणी सेना, चित्रांश महापरिवार, ब्रह्म शक्ति स्वर्ण युवा सेना सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए। प्रमुख रूप से अभदेश सिंह, जीवन सिंह, अमित सिंह, राणा सिंह, अनुभव सिंह चौहान, भागवत झा, सुशील मिश्रा, माधव सिंह, विजय वर्मा, गौरव सिन्हा, कन्हैया झा, सोनू सिंह, कुंदन सिंह, संजीत सिंह, आदित्य मिश्रा, सौरभ सिंह, प्रवीण सिंह, लवलेश सिंह, संतोष वर्मा, विनोद सिंह, पंकज श्रीवास्तव, मिंटू सिंह, सूरज वर्मा, कौशिक सिंह, मनीष रंजन, सोनी सिंह, सत्यम, संजीव सिन्हा, नीरज सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों ने कहा कि यदि अधिनियम में सुधार नहीं किया गया तो आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

More Stories
कोलकाता12जून26* तृणमूल कांग्रेस की यह महिला नेता बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं के घर पर सफेद साड़ी देती थी
देहरादून12जून26*सप्ताहांत से पहले ही मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते लंबा जाम लग गया।
लखीमपुर खीरी12जून26* बाबा लिलौटीनाथ धाम के विकास कार्यों का मुख्य विकास अधिकारी ने किया निरीक्षण