अयोध्या 16 अक्टूबर 26*शिक्षित और जागरूक समाज ही विकसित भारत की नींव: पंकज चौधरी*
-*डबल इंजन सरकार में स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और गरीब कल्याण को मिली गति: पंकज चौधरी*
-*शिक्षकों को कैशलेस इलाज, पारदर्शी तबादले और भर्ती प्रक्रिया से राहत दे रही भाजपा सरकार: पंकज चौधरी*
*अयोध्या, 16 अक्टूबर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश की सबसे बड़ी ताकत सत्ता की कुर्सी, धनबल या बाहुबल नहीं, बल्कि मतदाता का विश्वास, मतदाता का अधिकार और मतदाता का एक-एक वोट है। शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज ही विकसित भारत की नींव को मजबूत कर सकता है। नई पीढ़ी अब सवाल पूछती है, तर्क करती है, तथ्यों को समझती है और अपने भविष्य के प्रति ज्यादा जागरूक हुई है। इस बदलाव का सबसे बड़ा श्रेय शिक्षकों को जाता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह बातें जनपद अयोध्या में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित शिक्षक मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। श्री चौधरी ने आगे कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि जीवन की दिशा देते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थी नहीं बनाते, बल्कि राष्ट्र का भविष्य बनाने का रास्ता तय करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को नमन, वंदन और अभिनंदन किया।
श्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। यह अविचल तप और कठोर साधना राष्ट्र को समर्पित रहा है। पिछले 10-12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने ‘राष्ट्र प्रथम’ को ध्यान में रखकर काम किया है। आज भारत ‘आत्मनिर्भर भारत’ की तरफ बढ़ रहा है और वैश्विक नेतृत्व कर रहा है साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि बदली है।
श्री चौधरी ने कहा कि आज भारत में 2,30,000 से ज्यादा स्टार्टअप चल रहे हैं और करीब 100 से ज्यादा स्टार्टअप यूनिकॉर्न में सम्मिलित बने हैं। हाईवे, एक्सप्रेसवे, एविएशन, एयरपोर्ट, पोर्ट और रेलवे के क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ गरीबों के कल्याण के लिए काम किया है। पात्रता के आधार पर लोगों को मकान, शौचालय, पानी, बिजली और दवाई जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने धारा 370 समाप्त करके लाल चौक पर तिरंगा फहराने का काम किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में श्री अमित शाह ने नक्सलवाद को समाप्त करने का काम किया है और आज भारत आतंकवादी हमलों का जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि UPI से लेकर AI तक भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट्स का 40 फीसदी अकेले भारत में होता है इसके साथ-साथ चिप व शिप निर्माण से लेकर चंद्रयान और गगनयान तक देश आगे बढ़ रहा है।
भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के समर्थन में श्री चौधरी ने कहा कि ध्रुव त्रिपाठी उत्साही, मधुर व ईमानदार प्रत्याशी हैं। उन्होंने शिक्षकों से 23 तारीख को अपना मत देकर ध्रुव त्रिपाठी को समर्थन देने की अपील की।
शिक्षकों से जुड़े विषयों पर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की है। शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों को राहत देने, व्यावसायिक शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने, ऑनलाइन जीपीएफ ऋण भुगतान को सरल बनाने तथा मृतक आश्रितों की नौकरी की प्रक्रिया को सरल बनाने का काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी स्थानांतरण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से निष्पक्ष भाव से लागू की जा रही है। अलंकार योजना के तहत शासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण के लिए 75 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है और कायाकल्प योजना से लाखों विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने लगभग दो लाख शिक्षकों की भर्ती की है, जिनमें 1 लाख 65 हजार की भर्ती प्राथमिक विद्यालयों में, 12 हजार राजकीय विद्यालयों में, 15 हजार शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में की गई है और 500 से अधिक प्रधानाचार्यों का भी चयन किया गया है।
SIR के संबंध में चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण आवश्यक है। इसमें मृत और स्थानांतरित लोगों के नाम हटाए जाते हैं और जिनका नाम छूट गया है या गलती से कट गया है, वे फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। मत देना हमारा अधिकार है तथा किसी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में छूटना नहीं चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, महानगर प्रभारी व प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव सहित मेयर, विधायकगण, माध्यमिक एवं वित्त विहीन शिक्षक संघ के अध्यक्ष, शिक्षकगण एवं कर्मठ कार्यकर्ता साथी उपस्थित रहे।
More Stories
बांदा 16 अक्टूबर 26*भांजे की हत्या में मामा और ममेरा भाई गिरफ्तार,डंडा बरामद*
बांदा 16 अक्टूबर 26*घर में घुसकर किसान के बेटे से 81,950 रुपये छीनने का आरोप*
मुजफ्फरनगर 16 अक्टूबर26* नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में वांछित आरोपी गिरफ्तार,