बुलंदशहर 23 नवम्बर 26* 3साल कि मासूम कि हत्या कि आरोपी महिला सोनम गिरफ्तार
बुलंदशहर।* कोतवाली नगर क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ में हुई 3 साल की मासूम की हत्या की घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। जिस पड़ोसन पर सबको भरोसा था, उसी ने मासूम की जान ले ली। पुलिस ने मात्र कुछ ही घंटों में इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी महिला सोनम को गिरफ्तार कर लिया है।
*कैसे हुई घटना*
21 नवंबर को मोहल्ला अवंती नगर भूड़ से 3 साल की बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्ची नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कई थानों की पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को बच्ची की तलाश में लगा दिया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सीसीटीवी से पुलिस को अंदाजा हो गया कि बच्ची घर से ज्यादा दूर नहीं गई है।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के घरों में तलाशी शुरू की। बच्ची के घर से महज 40 मीटर दूर पड़ोसन सोनम का कमरा तालाबंद मिला। काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो पुलिस को शक गहरा गया। पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे में देखा तो सबके होश उड़ गए। अंदर लापता बच्ची का शव पड़ा था।
*पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा*
पुलिस ने आरोपी सोनम को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सोनम ने बताया कि वह अपनी बेटी के दिल्ली चले जाने से बेहद क्षुब्ध थी। जब भी वह किसी बच्चे को देखती थी तो विचलित हो जाती थी।
उसी मानसिक स्थिति में उसने मासूम को अपने कमरे में बुलाया और मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को आता देख वह कमरे का ताला लगाकर फरार हो गई थी। उसकी योजना रात में आकर शव को कहीं फेंकने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने शव बरामद कर लिया।
*आरोपी का दर्दनाक अतीत*
जांच में सामने आया कि सोनम की शादी वर्ष 2015 में दिनेश निवासी मयाना थाना जेवर से हुई थी। दोनों की 8 साल की बेटी बुलबुल है। शादी के डेढ़-दो साल बाद ही पति-पत्नी में मतभेद हो गया और दोनों अलग हो गए। पति ने दूसरी शादी कर ली और दिल्ली में रहने लगा।
इसके बाद सोनम इधर-उधर किराये पर रहने लगी। मायके वालों से भी उसके संबंध खराब हो गए। कुछ दिन पहले वह अपने मायके ग्राम धतूरी गई थी, जहां उसने अपनी ही बेटी को छत से फेंक दिया था। बच्ची चोटिल हो गई थी। इसके बाद मां ने बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए उसे उसके पिता को सौंप दिया, जो उसे दिल्ली ले गया। बेटी के जाने के बाद से ही सोनम मानसिक रूप से व्यथित रहने लगी और तंत्र-मंत्र की तरफ भी झुकाव हो गया था।
*पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने भारी मन से मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
वहीं इस घटना के बाद एसएसपी ने किरायेदार सत्यापन अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सभी मकान मालिकों से अपील की है कि अपने किरायेदार की सूचना नजदीकी चौकी या थाने पर जरूर दें। यदि किरायेदार द्वारा कोई घटना की जाती है तो मकान मालिक की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
*मोहल्ले में मातम, लोगों में आक्रोश*
घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। लोगों में आरोपी महिला के प्रति भारी आक्रोश है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि फिर कोई मासूम इस तरह की दरिंदगी का शिकार न हो।

More Stories
हल्द्वानी23 नवम्बर 26*पुरुष आयोग और पुरुष कल्याण मंत्रालय बनाने की उठी मांग, प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पूर्णिया बिहार 23 नवंबर 26 *LED वैन से नन्हे बच्चों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश, उफरैल में गूंजा ‘नशा छोड़ो’ का नारा*
पूर्णिया बिहार 27 नवंबर 26 *कसबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वैन से चोरी की 11 गायें बरामद*