October 4, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

मुजफ्फरनगर 4 अक्टूबर 26*पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान से मिले NHM संविदा स्वास्थ्यकर्मी

मुजफ्फरनगर 4 अक्टूबर 26*पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान से मिले NHM संविदा स्वास्थ्यकर्मी

मुजफ्फरनगर 4 अक्टूबर 26*पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान से मिले NHM संविदा स्वास्थ्यकर्मी

लोकेन्द्र गौतम ब्यूरो चीफ सहारनपुर मंडल यूपीआजतक

मुजफ्फरनगर *कर्मचारियों की मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से फोन पर हुई वार्ता, पुराने समझौते लागू कराने की मांग
मुजफ्फरनगर, 4 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान से मुलाकात कर एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों एवं समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने करीब 10 वर्ष पूर्व कर्मचारियों और सरकार के बीच हुई सहमतियों तथा बैठक के मिनट्स को लागू कराने, वेतन वृद्धि, लॉयल्टी बोनस, नियमित नियुक्तियों में वेटेज सहित विभिन्न मांगें प्रमुखता से रखीं।
संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि लगभग एक दशक पूर्व एनएचएम संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के साथ सहमति बनी थी, लेकिन लंबे समय के बावजूद इन सहमतियों का अपेक्षित रूप से क्रियान्वयन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि हजारों संविदा कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा शर्तों और आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर हुई वार्ता
कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डॉ. संजीव बालियान ने उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से फोन पर वार्ता की और एनएचएम संविदा कर्मचारियों की लंबित मांगों से उन्हें अवगत कराया। बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्री ने पुराने मीटिंग मिनट्स एवं संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद डॉ. बालियान ने अपने पत्र के साथ संबंधित विवरण एवं पुराने दस्तावेज स्वास्थ्य मंत्री को ईमेल के माध्यम से भेजे।
10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि की मांग
संघ के प्रतिनिधि डॉ. राहुल वर्मा ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू की जानी चाहिए। उन्होंने 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि के साथ लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के लिए संतोषजनक सेवा के आधार पर प्रत्येक तीन वर्ष में 10 प्रतिशत लॉयल्टी बोनस का प्रावधान किए जाने की मांग की।
डॉ. फैसल सिद्दीकी ने कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में संविदा कर्मचारियों को मिलने वाला मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और जीवन-यापन की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। स्टाफ नर्स डिंपल ने कहा कि कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा, परिवार के भरण-पोषण और बढ़ते घरेलू खर्च को देखते हुए वेतन में सम्मानजनक वृद्धि जरूरी है।
जिला महिला चिकित्सालय के संजय कुमार ने कहा कि वर्तमान में संविदा कर्मचारियों को सालाना 5 प्रतिशत वृद्धि के अतिरिक्त अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग की।

नियमित नियुक्तियों में वेटेज की मांग
डॉ. देवेंद्र कुमार ने कहा कि कई अन्य राज्यों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश की तुलना में अधिक मानदेय और बेहतर सुविधाएं मिलने की बात सामने आती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी कर्मचारियों के वेतन एवं सेवा शर्तों में सुधार की मांग की। हसरत अली ने कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व नियमित नियुक्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों को वेटेज देने को लेकर सरकार के स्तर पर सहमति बनी थी, लेकिन आज तक इस संबंध में प्रभावी शासनादेश जारी नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे अनेक कर्मचारियों की नियमित सरकारी नौकरियों में आवेदन की निर्धारित आयु सीमा भी निकल चुकी है। ऐसे में इस मुद्दे पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि डॉ. संजीव बालियान द्वारा स्वास्थ्य मंत्री से की गई वार्ता और उपलब्ध कराए गए पुराने दस्तावेजों के आधार पर सरकार एनएचएम संविदा कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। कर्मचारियों ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं और सरकार से अपने भविष्य एवं सेवा शर्तों को लेकर न्यायपूर्ण निर्णय की अपेक्षा रखते हैं।
इस अवसर पर डॉ. सचिन जैन, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. फैसल सिद्दीकी, संजय कुमार, स्टाफ नर्स डिंपल, डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. अनिल कौशिक, डॉ. राकेश बंसल, नर्सिंग ऑफिसर राहुल पाल, सुनील कुमार, राहुल नोसानिया, रविंद्र कुमार, ऑप्टोमेट्रिस्ट शैलेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Taza Khabar