September 24, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

सुल्तानपुर24सितम्बर26*सावधान! साधु के भेष में घूम रहे ठग, झांसे में आए तो लुट जाएंगे जेवर-नकदी*

सुल्तानपुर24सितम्बर26*सावधान! साधु के भेष में घूम रहे ठग, झांसे में आए तो लुट जाएंगे जेवर-नकदी*

सुल्तानपुर24सितम्बर26*सावधान! साधु के भेष में घूम रहे ठग, झांसे में आए तो लुट जाएंगे जेवर-नकदी*

*पूजा-पाठ और सुख-समृद्धि का झांसा देकर महिला को बनाया शिकार*

*सामान पन्नी में रखवा आंखें बंद कर मंत्र जाप कराया और लेकर फरार हुए*

सुलतानपुर। शहर में ठगी का ऐसा तरीका सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर साधु-पंडित का भेष धारण कर घूम रहे ठग लोगों को धार्मिक आस्था और सुख-समृद्धि का झांसा देकर अपने जाल में फंसा रहे हैं। कोतवाली नगर क्षेत्र में दो युवकों ने हरिद्वार का पंडित बताकर एक महिला को बातों में उलझाया और पूजा-पाठ के बहाने उसके जेवर, नकदी, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र की निराला नगर निवासी उमा देवी पत्नी स्व. रामजी अग्रहरी के मुताबिक 22 सितंबर को दोपहर करीब दो से ढाई बजे वह सामान खरीदने चौक गई थीं। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को हरिद्वार का पंडित बताया और धार्मिक बातें करते हुए महिला को अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने महिला से कान के झुमके, अलमारी की चाबी, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी, ई-श्रम कार्ड और मोबाइल फोन ले लिया।
इसके बाद युवकों ने महिला से कहा कि सारा सामान पन्नी में रखकर वह करीब 10 कदम दूर जाए और आंखें बंद कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करे। महिला उनकी बातों में आकर दूर चली गई और आंखें बंद कर मंत्र जाप करने लगी। कुछ देर बाद पीछे मुड़कर देखा तो दोनों युवक और पन्नी में रखा सामान गायब था। पर्स में करीब एक हजार रुपये भी बताए गए हैं। पीड़िता ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने 23 सितंबर को तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

*महिलाएं विशेष रूप से बन रही हैं निशाना*
धार्मिक आस्था, सुख-शांति और समृद्धि बढ़ने की उम्मीद में लोग ऐसे झांसे में आ सकते हैं। खासकर अकेली महिलाओं को बातों में उलझाकर धार्मिक उपाय, पूजा या ग्रह-दोष दूर करने का लालच देकर ठगी करने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में अनजान साधु, पंडित या धार्मिक वेशभूषा में मिले किसी व्यक्ति को जेवर, नकदी, मोबाइल अथवा जरूरी दस्तावेज सौंपने से बचना जरूरी है।

Taza Khabar