भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर21जुलाई26*सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार पहुँचा रही है योजनाओं का घर-घर लाभ :डीएम
भागलपुर, 21 जुलाई 2026: राज्य सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत सोमवार को भागलपुर जिले की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर–2026 का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने जगदीशपुर प्रखंड के पुरैनी टोला, सोनूचक में आयोजित सहयोग शिविर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शिविर में लगभग 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की समस्या या आवेदन का निस्तारण शेष रह गया है तो उसे तत्काल सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान का मूल उद्देश्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुँचे। सहयोग शिविर इसी सोच को साकार करने का एक प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जहाँ विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा उसका समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन का प्रशासन पर विश्वास बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शिविर के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में चेक डैम निर्माण, सड़क मरम्मत, आधारभूत संरचना के विकास तथा अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इन विषयों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर 630 जीविका स्वयं सहायता समूहों को ₹6 करोड़ 71 लाख की वित्तीय सहायता का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों एवं जीविका दीदियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव एवं पारदर्शी व्यवस्था के साथ पहुँचे।
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियाँ, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
पूर्णियां बिहार21जुलाई26* ‘सेवा और संवाद से ही बनेगा सशक्त गांव पंचायत-एसपी शौर्य सुमन
पूर्णिया बिहार 21 जुलाई 26 साइबर ठगों से सावधान रहें युवा: एसएसपी शौर्य सुमन*
हरदोई21जुलाई26*जहानीखेड़ा में आवारा मवेशी से टकराई एम्बुलेंस, सड़क पर बड़ा हादसा*!