महराजगंज14जुलाई26*समंदर के रास्ते भारत पहुंचा अमेरिकी, नेपाल सीमा पर गिरफ्तारी से बढ़े सवाल*
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सोनौली स्थित भारत-नेपाल सीमा पर एक अमेरिकी नागरिक की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। कैलिफोर्निया निवासी 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन को उस समय पकड़ा गया, जब वह बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने उसे सीमा पार करने से पहले ही हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान ब्राउन ने खुद को अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेज का पूर्व कर्मचारी बताया। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां उसके इस दावे की पुष्टि करने में जुटी हैं। ब्राउन ने बताया कि वह ट्रेवल वीजा पर अमेरिका से थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वह समुद्री मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और फिर 2 नवंबर 2025 को समुद्र के रास्ते भारत आया।
ब्राउन का दावा है कि वह पिछले करीब सात माह से गोवा में रह रहा था और वहां से नेपाल जाने की योजना बना रहा था। उसने यह भी कहा कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक व्यक्ति के पास है, लेकिन उस व्यक्ति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में कई विरोधाभास सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।
पूछताछ में ब्राउन ने यह भी दावा किया कि वह नेपाल में ‘नाज’ नामक व्यक्ति से मिलने जा रहा था, जिससे उसकी मुलाकात गोवा में हुई थी। इसके अलावा उसने अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड की एक योग प्रशिक्षक महिला से विवाह करने की बात भी कही, जिससे उसकी मुलाकात तीन वर्ष पहले इटली में हुई थी। इन दावों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल जॉर्डन ब्राउन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की सूचना नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को भी दे दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका भारत आने का वास्तविक उद्देश्य क्या था, नेपाल जाने के पीछे क्या वजह थी और उसके संपर्क किन-किन लोगों से रहे हैं। इस गिरफ्तारी ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा और विदेशी नागरिकों की गतिविधियों को लेकर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
बांदा 14 जुलाई 26*थाना कमासिन पुलिस द्वारा बच्ची की गैर-इरादतन हत्या करने वाला वांछित अभियुक्ता गिरफ्तार **
गोरखपुर14जुलाई26*शिक्षकों की समस्याओं को लेकर DIOS से मिला शर्मा गुट का प्रतिनिधिमण्डल
पूर्णिया बिहार 14 जुलाई 26 *SSP की पहल रंग लाई, खोए मोबाइल पाकर लोगों में खुशी की लहर*