रीवा6जुलाई26*सड़क न होने से गई जान आकाशीय बिजली से घायल आदिवासी महिला को 2 KM खाट पर ढोते रहे ग्रामीण, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम*
*मनगवां के नदना डिहिया की घटना। कीचड़ भरे कच्चे रास्ते से ले जाने में हुई देरी। ग्रामीण बोले- 5 लाख की विधायक निधि आई थी, सड़क अब तक नहीं बनी*
रीवा। सड़क के अभाव में एक और जान चली गई। मनगवां विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नदना डिहिया में आकाशीय बिजली की चपेट में आई एक आदिवासी महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। ग्रामीणों को 2 किलोमीटर तक महिला को खाट पर उठाकर कीचड़ भरे रास्ते से ले जाना पड़ा। देरी के चलते महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।
*क्या हुआ था रविवार शाम*
घटना रविवार शाम की है। ग्राम पंचायत नदना डिहिया निवासी 45 वर्षीय रामकली रावत, पत्नी स्व. राम स्वयंवर रावत आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। बिजली गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गांव तक पक्की सड़क न होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।
मजबूरन परिजनों और ग्रामीणों ने रामकली को खाट पर लिटाया और करीब 2 किलोमीटर तक कच्चे, कीचड़ भरे रास्ते से उठाकर मुख्य सड़क तक ले गए। सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि आधा दर्जन ग्रामीण फिसलन भरे रास्ते से महिला को लेकर जा रहे हैं। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई।
*”5 लाख स्वीकृत थे, सड़क नहीं बनी”*
इस घटना के बाद गांव में सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नदना डिहिया में सड़क निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन जमीन पर आज तक एक ईंट भी नहीं लगी। बारिश में गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है।
*ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग*
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को आवेदन दिए गए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। महिला की मौत के बाद अब गांव के लोग पूरे मामले की जांच और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।फिलहाल इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के किसी अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है।

More Stories
मथुरा 6 जुलाई 26* 04 अभियुक्त को चोरी के माल व 01 अवैध चाकू /छुरा सहित गिरफ्तार किया गया।*
बांदा 6 जुलाई 26*मुख्यमंत्री का बांदा आगमन 9 जुलाई को सभा स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसपी
भोपाल6जुलाई26*मध्य प्रदेश क बोर्ड में दो गैर मुस्लिम सदस्य बनाए गए।*