पूर्णिया बिहार 19 जून 26 पूर्णिया को मिला पहला SSP: डॉक्टर से खाकीधारी बने शौर्य सुमन संभालेंगे कमान, स्वीटी सहरावत की विदाई पटना स्पेशल ब्रांच
मोहम्मद इरफान कामिल यूपी आज तक पूर्णिया डिविजन बिहार
पूर्णिया बिहार / बिहार में गुरुवार देर रात हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में पूर्णिया पुलिस को ऐतिहासिक तोहफा मिला है। सरकार ने 21 IAS अफसरों के साथ पुलिस महकमे में भी बड़ा बदलाव करते हुए 2017 बैच के तेज-तर्रार IPS डॉ. शौर्य सुमन को पूर्णिया का पहला एसएसपी नियुक्त किया है। वहीं निवर्तमान एसपी स्वीटी सहरावत का तबादला पटना विशेष शाखा में पुलिस अधीक्षक के पद पर कर दिया गया है।
स्टेथोस्कोप छोड़ थामी वर्दी
मूल रूप से झारखंड के रहने वाले डॉ. शौर्य सुमन की कहानी मिसाल है। MBBS के बाद उन्होंने डॉक्टर का कोट उतारकर खाकी पहनने का फैसला किया। UPSC क्रैक कर IPS बने शौर्य सुमन की पहचान तकनीक-प्रेमी और ग्राउंड जीरो पर काम करने वाले अफसर की रही है। जमुई और फिर बेतिया यानी पश्चिम चंपारण के एसपी रहते हुए उन्होंने संगठित अपराध पर नकेल और पुलिसिंग को स्मार्ट बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए।
सीमांचल की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
सीमांचल के सबसे संवेदनशील जिलों में शुमार पूर्णिया को अब पहली बार SSP रैंक का अधिकारी मिला है। यह बदलाव सरकार की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जिसके तहत कानून-व्यवस्था को और धार देनी है। अपराध नियंत्रण से लेकर बॉर्डर से जुड़े सुरक्षा चैलेंज तक, अब शौर्य सुमन के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
स्वीटी सहरावत का अगला मोर्चा
पूर्णिया में अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को संभालने वाली आईपीएस स्वीटी सहरावत अब पटना में विशेष शाखा की जिम्मेदारी निभाएंगी। खुफिया तंत्र की अहम कड़ी मानी जाने वाली विशेष शाखा में उनकी तैनाती को सरकार का भरोसा माना जा रहा है।
उम्मीदों का नया दौर
डॉ. शौर्य सुमन की तैनाती के बाद पूर्णियावासियों को अपराध पर और सख्ती, जनसुनवाई में तेजी और स्मार्ट पुलिसिंग की उम्मीद है। डॉक्टर से IPS बने अफसर की ‘इलाज से इंसाफ तक’ की यात्रा अब सीमांचल की सड़कों पर नई इबारत लिखेगी।

More Stories
लखनऊ19जून26*“जो कांग्रेस भगवान राम का मंदिर न बनने पाए उसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था”
बुलंदशहर19जून26*औरंगाबाद क्षेत्र के गांव पाली बेगपुर मोड़ पर स्थित खान प्रॉपर्टी डीलर की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग
लखनऊ १९ जून २०२६ * पूर्वांचल में उष्ण लहर (लू) का दौर जारी : बांदा रहा देश में सबसे गर्म