लखनऊ ७ जून २०२६ * *428 शिकायतें, 112 का मौके पर निस्तारण – DM ने दिए सख्त निर्देश
-:
संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों का हुजूम: DM विशाख जी अय्यर ने सुनीं 428 शिकायतें, दबंगई से दहेज तक के मामले
मोहनलालगंज, लखनऊ। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दिवस की अध्यक्षता डीएम ने की। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी पवन पटेल, एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
आंकड़ों में समाधान दिवस: इस दौरान कुल 428 शिकायतें लिखित रूप में दर्ज की गईं। इनमें से 112 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सैकड़ों प्रार्थना पत्र आगे की कार्रवाई के लिए जमा कर लिए गए। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं।
डीएम के निर्देश: जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने सभी प्रकरणों को संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता पर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधवा, दिव्यांग व गरीबों की शिकायतों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रमुख शिकायतें जो समाधान दिवस में आईं:
मेडबंदी में दबंगई: गांधीनगर तेलीबाग निवासी कनक शील पुत्र भरत लाल ने बताया कि निगोहां नगराम रेलवे फाटक के निकट गाटा संख्या 852 की पैमाइश 6 मार्च 2023 को तहसीलदार के आदेश पर हो चुकी है। 11 अक्टूबर 2023 को मेडबंदी का आदेश भी हुआ। 20 जनवरी 2025 को राजस्व टीम गई, लेकिन 22 फरवरी को ममता सिंह व उनके पति राजेश ने विवाद कर मेडबंदी रुकवा दी। निगोहां पुलिस से गुहार लगाने पर भी टालमटोल की गई। डीएम ने निगोहां पुलिस को सख्त निर्देश दिए।
मनरेगा के पेड़ काटे: खुजौली के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि चंद्रशेखर पुत्र शीतला प्रसाद ने बताया कि सामुदायिक मिलन केंद्र की बाउंड्री वाल राज्य वित्त आयोग से बनी। मनरेगा द्वारा लगाए गए नीम के पेड़ों को काटकर बाउंड्री खड़ी कर दी गई।
पुलिया न होने से परेशानी: समेसी प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि शारदा सहायक पोषक नहर के किनारे समेसी सीपेज ड्रेन है। शुक्लवा के पास नहर पुलिया न होने से सैकड़ों किसानों को खेतों में आने-जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पुलिया निर्माण की मांग की।
बाउंड्री नहीं करने दे रहे: भदरुख बांग्ला बाजार निवासी सिद्धनाथ ने बताया कि अनुज सिंह से जमीन खरीदी, भू-अभिलेख में नाम दर्ज है व काबिज हैं। लेकिन पड़ोसी खेत वाले बाउंड्री नहीं करने दे रहे।
बिजली खंभे से खतरा: फुलवरिया निवासी रीना पाल ने विद्युत विभाग की लापरवाही की शिकायत की। दरवाजे पर लगे बिजली के खंभे में कई बार करंट उतर चुका है। जानवरों को करंट लग चुका है। बरसात में छोटे बच्चों के खेलने से जान का खतरा बना है। खंभा शिफ्ट करने की मांग की।
विधवा को धमकी: मोहनलालगंज सराय निवासी विधवा शांति शर्मा ने बताया कि दिव्यांग पुत्री व पोते के साथ पुश्तैनी मकान में रहती हैं। दो साल से निजी भूमि पर बोरिंग कराने पर पड़ोसी दबंगई से मिस्त्री को भगा देता है। तहसील-थाने में कई बार गुहार लगाई पर सुनवाई नहीं। आरोप लगाया कि बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
दहेज के लिए प्रताड़ना: सिसेंडी निवासी आफरीन पुत्री खलील अहमद ने बताया कि 6 माह पूर्व चांद बाबू से शादी हुई। ससुराल में सास, ससुर, देवर दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया है।
अधूरी सड़क: कोराना निवासी श्रीपाल ने शिकायत की कि सड़क की खुदाई कर बीच में छोड़ दी गई। मामूली बरसात में पैदल चलना मुश्किल है। तेज बारिश में निकलना असंभव हो जाएगा।
दिव्यांग पेंशन: डलौना निवासी दिव्यांग विक्की सिंह पुत्र अंजनी सिंह ने पेंशन दिलाए जाने की मांग की।
अधिकारी रहे मौजूद: समाधान दिवस में एसडीएम पवन पटेल, एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल, बीडीओ, सीडीपीओ, विद्युत, नलकूप, पीडब्ल्यूडी, पंचायती राज सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
हाथरस7जून2026*हाथरस में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
रोहतास/बंजारी7jun2026*: ब्रेक फेल ट्रक ने क्वार्टर में मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला।
रोहतास7jun 2026* सड़क हादसों का कहर: बाइक सवार की मौत, कार पेड़ से टकराई, एयरबैग ने बचाई जान