गाजियाबाद17मई26 *अपने घर के सपने को साकार करने का सुनहरा अवसर* ”
*गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा मधुबन बापूधाम योजना में आवासीय भूखण्डों हेतु पंजीकरण प्रारम्भ*
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहरवासियों को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “ *मधुबन बापूधाम योजना* ” में विकसित किए गए आवासीय भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। यह पहल उन नागरिकों के लिए एक विशेष अवसर है, जो बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं एवं नियोजित विकास के साथ अपना आशियाना बसाने का सपना देखते हैं।
योजना के पॉकेट ई तथा एफ के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के 40 वर्गमीटर से लेकर 200 वर्गमीटर तक के कुल 350 से अधिक आवासीय भूखण्ड उपलब्ध कराए गए हैं। इन भूखण्डों का आवंटन पूर्णतः पारदर्शी ऑनलाइन पंजीकरण एवं लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। ऑनलाइन *आवेदन की प्रक्रिया दिनांक 11 मई 2026 से 25 मई 2026* तक संचालित रहेगी। इच्छुक आवेदक गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की वेबसाइट एवं जनहित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्राधिकरण द्वारा योजना में भूखण्डों की *दर 35,000 रुपये प्रति वर्गमीटर* निर्धारित की गई है। साथ ही शासनादेशानुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक एवं सरकारी कर्मचारियों हेतु आरक्षण एवं विशेष प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
योजना के अंतर्गत सामान्य श्रेणी के आवेदकों को 10 प्रतिशत तथा आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा करनी होगी। इसके अतिरिक्त एकमुश्त भुगतान करने वाले आवंटियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
मधुबन बापूधाम योजना गाजियाबाद की प्रमुख एवं सुविकसित आवासीय योजनाओं में से एक है, जहाँ बेहतर सड़क संपर्क, सार्वजनिक सुविधाएँ, हरित वातावरण एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल भूखण्ड उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन का वातावरण प्रदान करना है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समयावधि में अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा अपने सपनों के घर की दिशा में कदम बढ़ाएं।

More Stories
रीवा19अगस्त26*पड़ोखर गांव में रास्ते के अभाव में परेशान स्कूली बच्चे, कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर लगाई रास्ता बनाने की गुहार*
लखनऊ19अगस्त26* ग्राम पंचायत अधिकारी के 1,468 पदों का अंतिम रिजल्ट*
लखनऊ19अगस्त26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 7 बजे की बड़ी खबरें……………….*