हाथरस17मई26*जिला बनने के बाद पहली बार किसी सांसद ने रोडवेज बस में किया सफर
हाथरस से ब्यूरो प्रमुख उमेशपाली की रिपोर्ट यूपीआजतक
हाथरस* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हाथरस सांसद अनूप प्रधान ने रोडवेज बस में सफर कर सभी को चौंका दिया। जिला बनने के बाद बीते 29 वर्षों में यह पहला मौका माना जा रहा है, जब हाथरस के किसी सांसद ने आम यात्रियों की तरह रोडवेज बस से यात्रा की।
सांसद अनूप प्रधान अलीगढ़ स्थित अपने आवास से ई-रिक्शा द्वारा अलीगढ़-आगरा कट पहुंचे, जहां से उन्होंने हाथरस डिपो की रोडवेज बस पकड़ी। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी वीआईपी सुविधा का उपयोग नहीं किया और सामान्य यात्री की तरह टिकट लेकर सफर किया। बस से वह सीधे हाथरस रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे और वहां से ई-रिक्शा के जरिए दयानतपुर स्थित अपने कार्यालय गए। वापसी में भी उन्होंने बस से ही अलीगढ़ तक का सफर तय किया।
यात्रा के दौरान सांसद ने बस में मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए। उनके इस कदम की लोगों ने सराहना की और इसे वीआईपी संस्कृति से अलग एक सकारात्मक संदेश बताया।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच रहने और सार्वजनिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की थी। इसी क्रम में सांसद अनूप प्रधान ने यह पहल करते हुए आमजन से जुड़ने का प्रयास किया।
लहटू ताऊ की सादगी की याद हुई ताजा
सादाबाद से विधायक रहे दिवंगत लहटू ताऊ अपनी सादगी के लिए काफी प्रसिद्ध थे। वह अक्सर पैदल, बस और रिक्शा से सफर करते थे। विधायक बनने के बाद भी उनका रहन-सहन आम लोगों जैसा ही रहा। सांसद अनूप प्रधान के इस कदम से लोगों को लहटू ताऊ की सादगी की याद ताजा हो गई।
सांसद ने क्या कहा
सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वाहनों का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि इससे आम लोगों के रोजमर्रा के अनुभवों को करीब से जानने का अवसर भी मिलता है।

More Stories
रतलाम17मई26*राजधानी के दो कोच में लगी आग*
सहारनपुर17मई26*गागलहेड़ी के महासम्मेलन से कांग्रेस देगी 2027 चुनावी अभियान को धार-
कानपुर नगर17मई26*इलेक्ट्रिक दुकान में काम करने वाले युवक ने चौकी इंचार्ज पर लगाया मारपीट का आरोप।