मथुरा 3 अक्टूबर 26*मांट के सियासी दिग्गज श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में घर वापसी
आठ बार विधायक और तीन बार कैबिनेट मंत्री रहे नेता ने थामा कांग्रेस का हाथ, बोले- राहुल गांधी ही मानववाद की बात करते हैं
कु0 सोनम
दिल्ली/मथुरा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय मथुरा के मांट क्षेत्र के दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने शनिवार को कांग्रेस में वापसी कर ली। मांट विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे शर्मा ने नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ और पत्रकार रजत राकेश टंडन ने भी कांग्रेस का दामन थामा।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि आज राजनीति में जाति और धर्म की चर्चा अधिक होती है लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानववाद की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आते हैं और कांग्रेस से उनका पुराना संबंध रहा है। तिवारी कांग्रेस के दौर में भ्रमवश दूसरी राह पर चले गए थे लेकिन अब कांग्रेस में लौटकर उन्हें संतोष है।
पूर्व विधायक श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एक फिल्म में संवाद था कि ‘ये बूढ़ा किस काम का’, लेकिन आज वह कहना चाहते हैं कि ‘ये बूढ़ा बहुत काम का है। उन्होंने कहा कि राजनीति का वास्तविक अर्थ सेवा है और सेवा की भावना कांग्रेस में दिखाई देती है। शर्मा मांट से वर्ष 1989 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे और इसके बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ते हुए आठ बार विधानसभा पहुंचे।
श्री शर्मा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में मांट सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी से चुनाव हार गए थे। इसके बाद अक्टूबर 2024 में बहुजन समाज पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब कांग्रेस में उनकी वापसी से मांट और मथुरा की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती के साथ उतरेगी और उत्तर प्रदेश में बड़ा परिवर्तन होगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में हाल में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का निर्णय सोच-समझकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अजय राय का भी सम्मान रहेगा और पार्टी हित में लिए गए फैसलों के अनुसार संगठन आगे बढ़ेगा।
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद हुए कांग्रेस में शामिल
जिले की चाणक्य राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व मंत्री और आठ बार लगातार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में उनकी घर वापसी से अब मांट की राजनीति में हलचल मच गई है। कांग्रेस, बसपा और निर्दलीय विधायक रहने वाले श्याम सुंदर को अक्टूबर 2024 में बसपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया, तब से वह नए राजनीतिक दल की तलाश कर रहे थे।
श्याम सुंदर शर्मा वर्ष 1989 में मांट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा और विधायक बने। इसके बाद 1991 और 1993 में भी कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। बाद के वर्षों में उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ा और मांट से अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखी। वर्ष 2012 में रालोद के जयंत चैधरी से चुनाव हारने के बाद उपचुनाव में वह तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर फिर विधायक बने। 2017 में बसपा के टिकट पर जीतकर आठवीं बार विधानसभा पहुंचे। लेकिन 2022 का चुनाव वह भाजपा के राजेश चैधरी से 9,580 मतों से हार गए। पिछले जिला पंचायत चुनाव में उन्होंने भाजपा का अध्यक्ष बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 18 अक्टूबर 2024 को बसपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण उन्हें पार्टी से निकाल दिया। तब से वह किसी भी दल में नहीं थे। गत दिनों उन्होंने पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की, उसके बाद आज पार्टी की सदस्यता ली।
More Stories
कानपुर नगर 3 अक्टूबर 26*बिल्हौर में PDA चौपाल: वोट बचाओ, देश बचाओ का गूंजा नारा
पूर्णिया बिहार 3 अक्टूबर26 *बनमनखी में SDM का बड़ा एक्शन: अवैध 2 दुकानें सील, मिठाइयों के सैंपल जब्त*
बांदा 3 अक्टूबर 26*बसपा की मंडल स्तरीय कार्यकर्त्ता समीक्षा बैठक संपन्न, 9 अक्टूबर को लखनऊ चलने का आह्वान*