October 23, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

मथुरा 22अक्टूबर 26*कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर में लक्ष्यबोध कार्यक्रम आयोजित

मथुरा 22अक्टूबर 26*कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर में लक्ष्यबोध कार्यक्रम आयोजित

मथुरा 22अक्टूबर 26*कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर में लक्ष्यबोध कार्यक्रम आयोजित

कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और बोर्ड परीक्षा की तैयारी के दिए गए टिप्स

कु0 सोनम

मथुरा। शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, माधव कुंज, मथुरा में 22 अक्टूबर को कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए लक्ष्यबोध कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर प्रकाशन प्रमुख एवं वैदिक गणित रिसोर्स पर्सन श्री अशोक कुमार शर्मा, डायट प्रवक्ता श्री संतोष कुमार सिंह, विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम राजपूत, प्रांतीय संगीत प्रमुख श्री राजीव शर्मा तथा प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार सिंह ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
ईश वंदना के पश्चात उपप्रधानाचार्य श्री राजीव पाठक ने अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रस्तुत करते हुए प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार सिंह ने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए स्पष्ट दृष्टि एवं सुनियोजित रणनीति आवश्यक है। इस दिशा में आचार्य एवं अभिभावक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए घर का वातावरण अनुकूल होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए गए लक्ष्य निर्धारण कार्ड के माध्यम से अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम राजपूत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, समर्पण एवं अनुशासन आवश्यक हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिकाओं के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र तोषान्त गोला ने ‘इतिहास बदलकर रख देंगे’ एकल गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में उत्साह एवं लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प जागृत किया।
मुख्य वक्ता श्री अशोक कुमार शर्मा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं को जोड़ने पर 22 का अंक प्राप्त होता है, इसलिए 22 अक्टूबर को लक्ष्यबोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में अब केवल 105 दिन शेष हैं। विद्यार्थियों को समय के महत्व को समझते हुए प्रत्येक दिन का सदुपयोग करना चाहिए। लक्ष्य प्राप्ति के लिए समय का लक्ष्य और कार्य का लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य रखने, प्रश्नों के उत्तर स्पष्ट एवं व्यवस्थित ढंग से लिखने तथा बोर्ड परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़ा होना चाहिए और उसकी प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने, दूध पीने और प्रतिदिन घर पर 20 मिनट ध्यान की मुद्रा में बैठने की सलाह भी दी। साथ ही अभिभावकों को उपयोगी सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने पाल्यों से संकल्प पत्र भरवाएं तथा उनकी पढ़ाई के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायट प्रवक्ता श्री संतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य का बोध होना अत्यंत आवश्यक है। आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करने तथा अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन जीव विज्ञान प्रवक्ता श्री नरेंद्र कुमार ने किया।

इस अवसर पर श्री विनय कुमार, श्री केशव सिंह, श्री उमेश शर्मा, श्री लोकेश अग्रवाल, श्री जगवीर सिंह, श्री निधीश अग्रवाल, श्री सुरेश कुमार, श्री सीताराम बघेल, श्री मुनेश अग्रवाल, श्री रविन्द्र प्रताप सिंह, श्री विजयपाल सिंह, श्री विजय कुमार, श्री टीकाराम, श्री मुनेन्द्र यादव, श्री हेमन्त कुमार, डॉ. दीप्ति तिवारी, डॉ. रागिनी सक्सेना, श्रीमती पिंकी रानी, श्रीमती दयावती, श्री हितेश कुमार, श्री बलराम शर्मा सहित विद्यालय के आचार्यगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Taza Khabar