भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर3जून26*भागलपुर के लिए बड़ी सौगात: कोल ब्लॉक की खोज से औद्योगिक विकास को मिलेगा नया आयाम – डीएम
भागलपुर*भागलपुर जिले में कोल ब्लॉक (कोयला भंडार) की खोज को जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह खोज न केवल ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि जिले में बड़े निवेश और उद्योगों की स्थापना के लिए भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भागलपुर अब उद्योगों की स्थापना के लिए अत्यंत अनुकूल परिस्थितियों वाला जिला बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में कोयला भंडार की उपलब्धता, गंगा नदी के रूप में प्रचुर जल संसाधन तथा ऊर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना पहले से मौजूद है।
उन्होंने कहा कि कहलगांव स्थित एनटीपीसी देश के प्रमुख विद्युत उत्पादन केंद्रों में से एक है तथा पीरपैंती में एक और बड़े पावर प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में जिले में उपलब्ध होने वाला कोयला स्थानीय स्तर पर ही उपयोग किया जा सकेगा, जिससे ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक गतिविधियों को विशेष बल मिलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि कोल ब्लॉक के विकास से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं पर राज्य सरकार द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुख्य सचिव, बिहार द्वारा इस परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रशासन द्वारा मांगी गई सभी आवश्यक रिपोर्ट समय पर उपलब्ध करा दी गई हैं। टेंडर प्रक्रिया भी निर्धारित चरणों के अनुसार आगे बढ़ रही है।
निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना निवेशकों के लिए एक “गोल्डन चांस” साबित होगी। कहलगांव क्षेत्र पहले से ही औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है और अब कोल ब्लॉक, एनटीपीसी तथा प्रस्तावित पीरपैंती पावर प्लांट के साथ यह क्षेत्र बड़े औद्योगिक निवेश का केंद्र बन सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोल ब्लॉक की खोज भागलपुर के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन तथा औद्योगिक प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन सिद्ध होगी और आने वाले वर्षों में जिले की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करेगी।

More Stories
उत्तर प्रदेश3जून26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर रात 10 बजे की बड़ी खबरें……………….*
भागलपुर 3जून26*सबौर थाना अंतर्गत लूट की घटना का सफल उदभेदन करते हुए दो अपराधकर्मियों को किया गया गिरफ्तार।
लखनऊ3जून26🚨 उत्तर प्रदेश में पांच नई जेलों के निर्माण को मंजूरी