पूर्णिया बिहार 14 अप्रैल 26 *मिल्लिया कान्वेंट में धूमधाम से मनी अंबेडकर जयंती, बच्चों ने समझा संविधान का महत्व*
पूर्णिया बिहार से मोहम्मद इरफान कॉमेडी की खास रिपोर्ट यूपीआज तक
पूर्णियाबिहार : मिल्लिया कान्वेंट इंग्लिश स्कूल, रामबाग, पूर्णिया में रविवार को बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में संविधान के प्रति सम्मान और बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धा जगाना था।
प्रार्थना सभा में शामिल छात्रों ने डॉ अंबेडकर के जीवन के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री माधव कुमार पाठक ने विस्तार से बाबा साहेब के व्यवहार और व्यक्तित्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे बाबा साहेब ने विषम परिस्थितियों में भी शिक्षा को अपना हथियार बनाया और करोड़ों लोगों के मसीहा बने।
इस अवसर पर कक्षा नर्सरी से दो तक के नन्हे बच्चों ने रोल मॉडल प्रस्तुत किया। छोटे-छोटे बच्चे अंबेडकर, सावित्रीबाई फुले और अन्य महापुरुषों की वेशभूषा में नजर आए। वहीं कक्षा छह से दसवीं तक के छात्रों के बीच पोस्टर रचना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था “समानता, न्याय और शिक्षा”। इस विषय पर छात्रों ने एक से बढ़कर एक रचनात्मक पोस्टर बनाए और संविधान के मूल्यों को रंगों के माध्यम से उकेरा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री युगल किशोर झा ने अपने संदेश में कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान में ऐसे प्रस्तावों को शामिल किया है जिसने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बाबा साहेब सच्चे अर्थों में युग पुरुष थे। उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है।
मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव-सह-निदेशक डॉ असद इमाम ने कहा कि आज देश में समानता, न्याय और शिक्षा देश के समस्त नागरिकों के लिए उपलब्ध है, यह बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की ही देन है। बाबा साहेब द्वारा संविधान में लाए प्रावधानों से जीवन में समरसता का वातावरण बना है।
ट्रस्ट के सहायक निदेशक इंजीनियर आदिल इमाम ने कहा कि आजादी के पूर्व हमारा देश अस्पृश्यता और भेदभाव के चंगुल में जकड़ा था। समाज को इस भावना से ऊपर उठकर आगे लाने में बाबा साहेब का बड़ा योगदान है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हमारा देश आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और छात्रों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

More Stories
अयोध्या 14 अप्रैल 26*रुदौली नगर में विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती शिशु मंदिर का किया गया शुभारंभ
अयोध्या 14 अप्रैल 26*रुदौली के कूढा सादात में अंबेडकर जयंती पर विशाल जनसभा का भव्य आयोजन
कौशाम्बी 14 अप्रैल 26*अपने तूफानी दौरा करके पत्रकार राजू सक्सेना को देखने पहुंचे चायल के पूर्व विधायक l