पूर्णिया बिहार 14 अप्रैल 26 बिहार में बड़ा सियासी उलटफेर: नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी हो सकते हैं नए CM*
पूर्णिया बिहार से मोहम्मद इरफान कामिल की खास रिपोर्ट आजतक
पूर्णिया बिहार : बिहार की राजनीति में रविवार को बड़ा उलटफेर हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राजभवन सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार शाम करीब 5 बजे राज्यपाल से मिले और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है।
इस्तीफे के तुरंत बाद पटना में सियासी हलचल तेज हो गई। भाजपा विधायक दल की बैठक देर शाम बुलाई गई है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा तो कल सोमवार को नई सरकार का गठन हो सकता है।
इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से कोई बात नहीं की और सीधे अपने आवास चले गए। वहीं जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह फैसला पार्टी और राज्यहित में लिया गया है। जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।
दूसरी ओर भाजपा प्रदेश कार्यालय में गहमागहमी बढ़ गई है। पार्टी के तमाम बड़े नेता पटना पहुंच रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति लगभग बन चुकी है। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर तक राजभवन में होने की संभावना है।
विपक्षी दलों ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजद ने इसे बिहार की जनता के साथ धोखा बताया है। वहीं कांग्रेस ने कहा कि भाजपा बार-बार जनादेश का अपमान कर रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। नीतीश कुमार पिछले दो कैबिनेट बैठकों में भी शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद से ही उनके इस्तीफे की चर्चा जोरों पर थी।
फिलहाल सभी की निगाहें भाजपा विधायक दल की बैठक और राजभवन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। नई सरकार का स्वरूप क्या होगा, यह कल साफ हो जाएगा।

More Stories
भागलपुर16जुलाई26*प्राचीन जगन्नाथ स्वामी का रथ यात्रा छोटेलाल रथ वाला हसनगंज पार्टी कारखाना चौक भागलपुर
भागलपुर16जुलाई26*ततारपुर थाना अंतर्गत एक अपराधी 01 देशी पिस्टल, 01 देशी कट्टा एवं 01 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार
भागलपुर16जुलाई26*पीरपैंती थाना अंतर्गत एक अपराधकर्मी को 01 देशी कट्टा के साथ किया गया गिरफ्तार।