कानपुर नगर26मई26*मानव कंकाल मिलने से ग्रामीणों में दहशत,पानी सूखने पर बाहर आया मानव कंकाल, मचा हड़कंप
तालाब में बिखरी मिली इंसानी हड्डियां, ग्रामीणों में दहशत,
कानपुर/बिल्हौर थाना क्षेत्र के डुड़वा जमौली गांव में गांव के बाहर स्थित एक तालाब में मानव कंकाल मिलने से सोमवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब में बिखरी अवस्था में इंसानी हड्डियां पड़ी होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया कंकाल काफी पुराना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार डुड़वा जमौली गांव निवासी नैना कठेरिया के घर के पास स्थित तालाब में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने इंसान की हड्डियां पड़ी देखीं। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों के मुताबिक तालाब में सिर, हाथ, पैर समेत शरीर की कई हड्डियां अलग-अलग स्थानों पर पड़ी थीं।
कंकाल की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह काफी पुराना हो सकता है और संभवत: लंबे समय से तालाब में दबा रहा होगा, जो पानी कम होने या मिट्टी कटने के कारण बाहर आ गया।
सूचना पर उत्तरीपुरा चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही तालाब व आसपास के क्षेत्र की तलाशी भी ली। इस दौरान मौके से एक काले मोती की माला भी बरामद हुई, जिसे ग्रामीण कंकाल से जोड़कर उसी व्यक्ति का सामान होने की संभावना जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कंकाल कितने समय पुराना है और यह किसी पुरुष का है या महिला का।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि तालाब से मिले मानव कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
भागलपुर26मई26* आंधी का कहर: आम का पेड़ गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत,
अयोध्या26मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर अयोध्या की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
लखनऊ26मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 7 बजे की बड़ी खबरें……………….*