उन्नाव 28 नवम्बर 26*दिव्य कलश यात्रा में उमड़ा मात्रशक्तियों का सैलाब,श्रीमद्भागवत के महात्म्य पर हुई चर्चा
उन्नाव* पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व विशाल एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएँ सिर पर पवित्र मंगल कलश धारण कर सहभागी बनीं। वहीं पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। बैंड-बाजों की मधुर धुन, शंखनाद की दिव्य ध्वनि, भक्ति गीतों एवं ‘राधे-राधे’ के गगनभेदी जयकारों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस भव्य कलश यात्रा में सनातन संस्कृति, आस्था, भक्ति एवं श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरी उन्नाव नगरी भक्ति और आनंद के रंग में रंगी नजर आई। श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारम्भ महाराजश्री ने दीप प्रज्वलन कर किया । दीप प्रज्वलन के इस शुभ अवसर पर स्वामी हरिसाक्षी जी महाराज (सांसद, उन्नाव), पंकज गुप्ता जी (विधायक, उन्नाव सदर) व सहधर्मिणी रश्मि गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता। उपस्थित रहे। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पूज्य महाराज श्री के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीमद्भागवत के अमृतमयी वचनों का श्रवण किया और भक्ति के दिव्य रस में सराबोर हो गए। पूरा कथा पंडाल राधे राधे के जयघोष से गूंज उठा। पूज्य महाराज श्री द्वारा प्रदान किए गए ज्ञान, भक्ति और संस्कारों के संदेश ने भक्तों के हृदय को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।
हर माता-पिता को अपने बच्चों के साथ कथा में अवश्य जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षा जीवन को सफल बनाती है और संस्कार जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं।
बच्चों को जीवन में अच्छा इंसान बनाने के लिए उन्हें कथा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। बचपन से ही बच्चों को भगवान की कथाओं, सनातन संस्कृति और धार्मिक संस्कारों का ज्ञान देना चाहिए। कथा के माध्यम से बच्चों में अच्छे विचार, सदाचार, माता-पिता के प्रति सम्मान और मानवता की भावना विकसित होती है।
जीवन में बड़े भाई का होना बहुत महत्वपूर्ण है। बड़ा भाई पिता के समान मार्गदर्शन करता है और हर सुख-दुःख में अपने छोटे भाई का साथ देता है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का प्रेम तथा श्रीकृष्ण और बलराम का स्नेह हमें भाईचारे की सीख देता है, उसी प्रकार हमें भी अपने बड़े भाई का सदैव आदर और सम्मान करना चाहिए। जिस परिवार में भाइयों के बीच प्रेम, त्याग और समर्पण की भावना होती है, उस परिवार में सुख, शांति और आनंद बना रहता है।
सभी तीर्थस्थल शराब और मांस से मुक्त होने चाहिए। तीर्थस्थल हमारी आस्था, श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रतीक हैं। इन पवित्र स्थानों की मर्यादा एवं पवित्रता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। तीर्थस्थलों पर मनुष्य भगवान के दर्शन, आत्मशुद्धि और मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए जाता है, न कि सांसारिक भोग-विलास के लिए।
हर सनातनी को महीने में कम से कम एक बार किसी पवित्र तीर्थस्थल की यात्रा अवश्य करनी चाहिए। तीर्थयात्रा करने से मन को शांति मिलती है, नकारात्मक विचार दूर होते हैं और भगवान के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति बढ़ती है। सांसारिक व्यस्तताओं के बीच कुछ समय प्रभु के सान्निध्य में बिताना चाहिए।
सनातन धर्म का समग्र ज्ञान प्राप्त करने के लिए श्रीमद्भागवत महापुराण से श्रेष्ठ कोई ग्रंथ नहीं है। श्रीमद्भागवत हमें धर्म, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध कराती है। यह पवित्र ग्रंथ मनुष्य को सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसलिए प्रत्येक सनातनी को श्रीमद्भागवत का अध्ययन एवं कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए।
जिस श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने का सौभाग्य देवराज इंद्र को भी प्राप्त नहीं हुआ, उस अमृतमयी कथा का श्रवण करने का सौभाग्य मानव को मिलता है। विचार कीजिए, हम कितने भाग्यशाली हैं कि भगवान की कृपा से हमें श्रीमद्भागवत कथा सुनने का अवसर प्राप्त होता है। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में श्रद्धा एवं भक्तिभाव से भागवत कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए।
हमारे जीवन के समस्त दुःखों और कष्टों को भगवान श्रीकृष्ण पल भर में दूर करने की सामर्थ्य रखते हैं, बस आवश्यकता है उन पर अटूट विश्वास और पूर्ण समर्पण रखने की। जीवन में परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें प्रभु पर अपना विश्वास कभी नहीं खोना चाहिए। जो भक्त सच्चे हृदय से भगवान श्रीकृष्ण की शरण में जाता है, प्रभु सदैव उसका मार्गदर्शन करते हैं और उसे हर संकट का सामना करने की शक्ति प्रदान करते हैं।
सच्ची भक्ति वही है, जिसमें मनुष्य सुख और दुःख दोनों परिस्थितियों में प्रभु का स्मरण करे। सुख के समय भगवान का धन्यवाद करना चाहिए और दुःख के समय उन पर अटूट विश्वास रखना चाहिए। जो मनुष्य प्रत्येक परिस्थिति में प्रभु का स्मरण करता है, उसका जीवन भक्ति, शांति और आनंद से परिपूर्ण हो जाता है।श्रीमद्भागवत कथा का वास्तविक फल तभी प्राप्त होता है, जब मनुष्य अपने अहंकार, छल-कपट और पापपूर्ण विचारों का त्याग कर सच्चे मन से कथा का श्रवण करता है। केवल कथा में बैठने से कल्याण नहीं होता, बल्कि कथा में बताए गए उपदेशों को अपने जीवन में धारण करना भी आवश्यक है। इसलिए मनुष्य को निर्मल हृदय, श्रद्धा, विनम्रता एवं भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण करना चाहिए।
शुकतीर्थ के महंत विज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज, राजस्थान के राष्ट्रीय कवि अजात शत्रु, गंगा अभियान समिति लखनऊ, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता सहित आयोजन समिति से पवन सिंह, प्रदीप सिंह, विमल द्विवेदी, रामबोध शुक्ला, सुरेंद्र वर्मा, सरदार जसमीत सिंह, मीडिया प्रमुख डॉ मनीष सिंह सेंगर, महिला मंडल प्रभारी ममता द्विवेदी, इंद्रजीत भदौरिया, नगर अध्यक्ष अविनाश गुप्ता, अखिल गुप्ता, सुमित्रा तिवारी, आरती यादव, शोभा पांडेय आदि ने आरती में शामिल होकर महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।

More Stories
कौशाम्बी 28 नवम्बर 26*अजय सक्सेना की 8वीं पुण्यतिथि पर गरीबों में 101 कंबल और मिष्ठान का वितरण, भोजन भी कराया गया*
कौशाम्बी 28 नवम्बर 26*तहसीलदार ने अभिलेखों का अवलोकन कर कब्जाधारकों से मांगे रामलीला संपत्ति का लिखित अनुमति पत्र*
कौशाम्बी 28 नवम्बर 26*साहू पान भण्डार का ताला तोड़कर घुसे चोर,112 पुलिस आते ही सामान छोड़कर भागे*