November 7, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

हरदोई: नई बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर उड़े मजाक ने लिया खूनी रूप, नौटंकी के दौरान चली गोली; युवक की हालत नाजुक

हरदोई: नई बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर उड़े मजाक ने लिया खूनी रूप, नौटंकी के दौरान चली गोली; युवक की हालत नाजुक

हरदोई: नई बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर उड़े मजाक ने लिया खूनी रूप, नौटंकी के दौरान चली गोली; युवक की हालत नाजुक
​

हरदोई/पाली।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबरपुर गांव में मामूली सी बात पर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। नई बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर हुए मजाक और तानेबाजी की रंजिश में शुक्रवार रात नौटंकी कार्यक्रम के दौरान जमकर लाठी-डंडे और गोलियां चलीं। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों के सिर फटने से वे लहूलुहान हो गए।
​दिन में हुई थी हंसी-ठिठोली और तकरार
​जानकारी के अनुसार, बाबरपुर गांव निवासी अभिषेक शुक्रवार शाम अपने चचेरे भाई राजाबाबू के साथ नई बाइक लेकर गांव पहुंचा था। गांव में घूमते समय अचानक बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया और गाड़ी बंद हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद गांव के ही राजेश उर्फ टमटम और अंशुल ने अभिषेक पर ताना कसते हुए उपहास उड़ाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि “गाड़ी तो नई ले आए, पर पेट्रोल डलवाने की औकात नहीं है।”
​इस ताने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद गाली-गलौज व हाथापाई तक पहुंच गया। उस वक्त मौके पर मौजूद गांव के बुजुर्गों व संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया और मामला रफा-दफा कर दिया गया।
​रात में नौटंकी के बीच हुआ हमला
​दिन का विवाद भले ही शांत हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच भीतर ही भीतर खुन्नस बरकरार थी। शुक्रवार रात गांव में नौटंकी का मंचन चल रहा था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे एकत्र थे।
​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। दिन की बात को लेकर दोबारा तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर अभिषेक पर फायर झोंक दिया। गोली अभिषेक के पेट के दाहिने हिस्से में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
​गोली चलते ही नौटंकी स्थल पर भारी भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। इस मारपीट में अभिषेक का चचेरा भाई राजाबाबू, उसके पिता रावेश समेत एक अन्य व्यक्ति भी सिर में गंभीर चोटें आने से घायल हो गए।
​हालत नाजुक, मेडिकल कॉलेज रेफर
​घटना के तुरंत बाद परिजन व स्थानीय लोग घायल अभिषेक और अन्य चोटिलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पाली लेकर पहुंचे। अभिषेक की हालत अत्यंत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका सघन इलाज जारी है।
​पुलिस का बयान और ग्रामीणों के सवाल
​घटना की सूचना पर पाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
​मामले में पाली थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा का कहना है कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी और तहरीर के आधार पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक ने प्रथम दृष्टया गोली चलने की पुष्टि से इनकार किया है। उधर, घायल पक्ष और ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक को गोली लगी है और उसके पेट में गंभीर घाव है। गांव में फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Taza Khabar