सुल्तानपुर13जुलाई26*संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ करें कार्य- CMO।*
सुल्तानपुर*संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न, घर-घर सर्वे, फॉगिंग, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता पर दिया विशेष जोर।*
सुलतानपुर, 13 जुलाई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 जुलाई से 31 जुलाई) तथा दस्तक अभियान (11 जुलाई से 31 जुलाई) को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत भूषण की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास (नगर पालिका परिषद), ग्राम विकास एवं पंचायतीराज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सूचना विभाग, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा कृषि रक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का मूल उद्देश्य जनसामान्य को संचारी रोगों से सुरक्षित रखना तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं रोगमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अभियान तभी सफल होगा जब सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं समन्वय के साथ करेंगे। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक गतिविधि समयबद्ध रूप से संपन्न कराई जाए तथा उसकी नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित व्यक्तियों तथा डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण के दौरान चिन्हित मरीजों की तत्काल जांच कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बिना विलंब नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान से जोड़ते हुए समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, नालियों की सफाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी विभागों एवं आमजन की सहभागिता से ही संभव है। इसलिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता अपनाने, जलभराव न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं तथा सभी संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान तक जनपद में मलेरिया के मात्र तीन तथा डेंगू के पांच मामले ही सामने आए हैं, जो विभागीय प्रयासों एवं जनसहयोग का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु एवं आगामी शीतकाल तक फॉगिंग, साफ-सफाई तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थी विद्यालय आते समय यथासंभव पूरी बांह के कपड़े पहनें, जिससे मच्छरों के काटने की संभावना कम हो सके। साथ ही विद्यालयों में स्वच्छ परिसर एवं जलभराव मुक्त वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की प्रगति, घर-घर सर्वेक्षण, रोगियों की पहचान, उपचार, जागरूकता गतिविधियों तथा विभागवार कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अभियान अवधि में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर निकायों के प्रतिनिधियों सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————————————————————————
जिला सूचना कार्यालय सुलतानपुर द्वारा जनहित में प्रसारित।

More Stories
बांदा 13 जुलाई 26*1992, 2005 और 974 के आवासीय पट्टों की निष्पक्ष जांच की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन*
मथुरा 13 जुलाई 26*थाना मगोर्रा पुलिस टीम जनपद मथुरा द्वारा गैंगस्टर के अभियोग में वांछित चल रहे 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ।*
मथुरा 13 जुलाई 26* आपरेशन प्रहार के तहत 01 अभियुक्त को 192 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ सहित गिरफ्तार किया गया ।*