लखनऊ15जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 4 बजे की बड़ी खबरें……………….*
➡लखनऊ- चुनाव को लेकर BJP की संगठन स्तर पर तैयारी तेज हो गई है। शक्तिकेंद्र संयोजकों से संवाद और प्रशिक्षण का कार्यक्रम चल रहा है। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह संवाद कर रहे हैं और माइक्रो मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक संगठन की पहुंच होनी चाहिए। इसके लिए वह विभिन्न जिलों में प्रवास भी कर रहे हैं।
➡प्रयागराज- FCI मैनेजर कृष्ण कुमार सुसाइड मामले में हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने पत्नी नेहा प्रकाश समेत 3 अन्य की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज FIR में पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग आरोपी हैं। 6 मई को जहरीला पदार्थ खाकर कृष्ण कुमार ने जान दी थी। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी।
➡चंदौली- जमीन के बदले धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगा है। कई महिलाओं ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने SDM राजीव मोहन सक्सेना से शिकायत कर लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप है कि पुश्तैनी जमीन से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है और पंचायत भवन निर्माण के नाम पर दबाव बनाया जा रहा है। राजमनी ने आरोप लगाया कि जमीन खाली करो या धर्म बदलो कहा गया। SDM ने शिकायत मिलने और जांच जारी होने की बात कही है। मामला पीडीडीयू नगर तहसील के गोपालापुर गांव का है।
➡हमीरपुर- आदिवासी परिवार ने झोपड़ी गिराए जाने के विरोध में डीएम से गुहार लगाई है। परिवार ने प्रभावशाली लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़ितों का आरोप है कि SDM को गलत सूचना देकर झोपड़ी गिराई गई। मामला सरीला तहसील क्षेत्र के उमरिया गांव का है।
➡प्रयागराज- प्राइवेट बस में भीषण आग लग गई। यात्रियों ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामला यमुनानगर के करछना इलाके का है।
➡प्रतापगढ़- अवैध कब्जे को लेकर SP से शिकायत की गई है। आरोप है कि छल के जरिए अभिलेखों से भूमि हड़पने की साजिश की गई। 300 मीटर दूरी के बैनामे की चौहद्दी तक मकान डाल दिया गया। भूमाफिया ने मकान भी अपने नाम दर्ज करवा लिया था। नगर पालिका में दर्ज मकान को ईओ टीम ने जांच के बाद निरस्त करवाया। चौक निवासी राहुल गुप्ता ने शिकायत की है। मामला नगर कोतवाली के चिलबिला इलाके का है।
➡अयोध्या- राम मंदिर में राम धन गबन मामले में आरोपी रामाशंकर मिश्रा पुलिस रिमांड पर है। पुलिस 14 घंटे तक रामाशंकर से पूछताछ करेगी। वहीं रामाशंकर की भाभी साधना मिश्रा ने कहा कि मुझे लगता है कि उसे फंसाया गया है। उन्होंने मामले की गहन जांच की मांग की है।
➡हमीरपुर- सुभाष बाजार सब्जी मंडी हटाने का व्यापारियों ने विरोध किया है। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों ने पुरानी पारंपरिक व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका बार-बार मंडी का स्थान बदल रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।
➡सुल्तानपुर- बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में CBI ने छापा मारा है। शाखा प्रबंधक और क्रेडिट ऑफिसर को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कोइरीपुर बैंक ऑफ बड़ौदा ब्रांच में कार्रवाई हुई। आरोप है कि दोनों अधिकारी लोन पास होने के बाद ओवरड्राफ्ट की राशि जारी करने के लिए 45 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
➡प्रयागराज- जार्जटाउन में वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं पर FIR दर्ज होने से नाराज वकीलों ने कचहरी के बाहर हंगामा किया। सड़क पर टायर-ट्यूब जलाकर प्रदर्शन किया गया। वकीलों ने जार्जटाउन SHO पर बिना जांच केस दर्ज करने का आरोप लगाया है। महिला अधिवक्ता से छेड़खानी का भी आरोप लगाया गया है।
➡कानपुर- पत्नी द्वारा दहेज का मुकदमा दर्ज कराने के बाद पति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान पति असीम कटियार की मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई ने घरेलू प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि भाई को एक माह से घर से निकाल रखा था। मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है।
➡बदायूं- कोर्ट को ईमेल से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। बम निरोधक दस्ता न्यायालय परिसर पहुंचा और चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
➡बदायूं- पत्नी से विवाद के बीच युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन दिन पहले पत्नी ने पति के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के दजरामपुर का है।
➡लखीमपुर खीरी- पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मर्चेंट नेवी में तैनात बेटे ने बच्चों के विवाद में पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी करीब 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के हाथीपुर उत्तरी का है।
➡मुरादाबाद- प्रेमी जोड़े के रामगंगा में कूदने के मामले में प्रेमिका की बॉडी भी बरामद हो गई है। इससे पहले प्रेमी का शव मिला था। दोनों रामगंगा पुल से एक साथ कूदे थे। मामला कटघर थाना क्षेत्र का है।
➡कौशाम्बी- करंट लगने से 75 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान सुबह खेत जा रहा था, तभी निजी नलकूप के पास हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा गांव का है।
➡बदायूं- पत्नी के घर छोड़कर जाने से नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक पत्नी को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। पुलिस कई घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास करती रही। नगर पंचायत इस्लामनगर में हाईवोल्टेज ड्रामा चला।
➡नोएडा- थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा में भीषण अग्निकांड हुआ। गली नंबर-2 स्थित G-4 भवन में आग लगने से महिला और पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई। ई-वाहन की चार्जिंग बैटरी से निकली स्पार्क को आग की वजह बताया जा रहा है। आसपास खड़े पेट्रोल वाहन भी आग की चपेट में आ गए। 7 फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से रेस्क्यू किया गया। करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मकान मालिक और लीज धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
➡चमोली- गोपेश्वर में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया। घटना लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ की है।
➡अलीगढ़- बहन की ससुराल में रह रही युवती की मौत हो गई। परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। युवती करीब एक महीने से बहन की ससुराल में रह रही थी। मामला थाना बरला क्षेत्र के गांव मूढैल का है।
➡प्रतापगढ़- दुष्कर्म आरोपी दारोगा अर्जुन सिंह की गिरफ्तारी की मांग की गई है। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। पीड़िता ने जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर आरोपी दारोगा के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। SP ने दारोगा को सस्पेंड कर जांच बैठाई है।
➡झांसी- दो ट्रकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से टक्कर हुई। हादसे में अशोक चौहान की मौत हुई है। ट्रक कानपुर से मध्य प्रदेश जा रहा था। मामला रक्सा थाना क्षेत्र के शिवपुरी हाईवे का है।
➡लखनऊ- खाद्य, रसद आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि जुलाई से राशन पहुंचते ही लाभार्थियों को SMS अलर्ट मिलेगा। राशन ढोने वाले वाहनों की GPS ट्रैकिंग होगी। दिव्यांग और बुजुर्गों को घर तक राशन पहुंचाने की तैयारी है। 47 लाख नई यूनिट जोड़ने की तैयारी है। 2576 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण जारी है।
➡सहारनपुर- कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
➡अम्बेडकरनगर- SP महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष सीमा राजभर ने OP राजभर पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि OP राजभर हल्के नेता हैं और माहौल खराब कर रहे हैं। सीमा राजभर ने भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर किसानों का कर्ज 90 दिनों के अंदर माफ किया जाएगा।
➡सीतापुर- खेत गए किशोर को सांप ने काट लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला रामकोट के शंकरपुर गांव का है।
➡कानपुर- ग्राम प्रधान आदर्श मिश्रा पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। सड़क निर्माण कार्य देखने गए ग्राम प्रधान ने भागकर अपनी जान बचाई। मामला ककवन थाना क्षेत्र के नदीहा बुजुर्ग का है।
————————————————————————————

More Stories
कानपुर नगर15जुलाई26*महिपत नगर में दस्तक अभियान का सघन निरीक्षण, संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर लोगों को किया जागरूक*
कानपुर नगर15जुलाई26*गंगा बैराज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
लखनऊ15जुलाई26*डीजीपी ने कांवड़ यात्रा,आगामी पर्वों और अन्य मसलों पर दिशा निर्देश जारी किए-